डिजिटल ज्ञान से बढ़ेगी महिला उद्यमियों की आर्थिक उड़ान:दीया कुमारी

WhatsApp Channel Join Now
डिजिटल ज्ञान से बढ़ेगी महिला उद्यमियों की आर्थिक उड़ान:दीया कुमारी


जयपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। जवाहर कला केंद्र में चल रहे राज्य स्तरीय अमृता हाट में शनिवार को महिला उद्यमियों के लिए डिजिटल विपणन प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। रंगायन सभागार में महिला अधिकारिता निदेशालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री दीया कुमारी ने महिलाओं को डिजिटल तकनीक अपनाकर कारोबार बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

दीया कुमारी ने कहा कि कारोबार में वित्तीय साक्षरता के साथ उत्पादों को सही बाजार तक पहुंचाना भी जरूरी है। पिछली बार अमृता हाट के दौरे के दौरान स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की ऑनलाइन बिक्री कम होने की जानकारी मिली थी। इसी को ध्यान में रखकर यह कार्यशाला आयोजित की गई है।

उन्होंने कहा कि महिलाएं अब रोजगार मांगने के साथ दूसरों को रोजगार भी दे रही हैं। प्रधानमंत्री के मंत्र ‘वोकल फॉर लोकल, लोकल फॉर ग्लोबल’ के अनुरूप राजस्थान के हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को डिजिटल माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने की जरूरत है।

उप मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि प्रदेश में राज्य और जिला स्तर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित प्रत्येक प्रदर्शनी में डिजिटल विपणन और वित्तीय साक्षरता की कार्यशालाएं अनिवार्य रूप से होंगी। उन्होंने बैंकों, सरकारी एवं गैर सरकारी संस्थानों और ई-कॉमर्स कंपनियों से महिला उद्यमियों को सहयोग देने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण में महिलाओं को फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सऐप बिजनेस, उत्पादों की ऑनलाइन ब्रांडिंग, फोटो-वीडियो तैयार करने, डिजिटल प्रचार, ऑनलाइन भुगतान, पैकेजिंग और ग्राहकों तक पहुंचने के तरीके बताए गए। इसका उद्देश्य महिलाओं की ऑनलाइन बिक्री, स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762736 Articles

Share this story