राजस्थान समान नागरिक संहिता विधेयक पर विचार-विमर्श

WhatsApp Channel Join Now
राजस्थान समान नागरिक संहिता विधेयक पर विचार-विमर्श


धौलपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान समान नागरिकता संहिता विधेयक-2026 यूसीसी के अन्तर्गत गठित समिति के सदस्य प्राचार्य सेवानिवृत्त राजकीय विधि महाविद्यालय श्रीगंगानगर रामस्वरूप अग्रवाल एवं संभागीय आयुक्त नलिनी कठौतिया द्वारा भरतपुर संभाग स्तर पर जनसुनवाई का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने जिला कलेक्ट्रेट स्थित डीओआईटी सेंटर के वीसी रूम में की।

कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधि, विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि, शिक्षाविद, विधि विशेषज्ञ, सामाजिक संगठनों, गैर-सरकारी संगठनों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने समान नागरिक संहिता विधेयक पर अपने विचार व्यक्त करते हुए प्रारूप समिति को लिखित सुझाव भी सौंपे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले की जनसुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान आमजन ने यूसीसी विधेयक के संबंध में अपने सुझाव प्रारूप समिति के समक्ष प्रस्तुत किए। उपस्थित नागरिकों ने सुझाव प्रपत्र भरकर लिखित रूप में भी अपने विचार सरकार तक पहुंचाए। जनसुनवाई में प्राप्त सुझावों में नागरिकों ने राजस्थान की सामाजिक एवं सांस्कृतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कानून बनाए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। कई लोगों ने लिव-इन रिलेशनशिप को प्रदेश की सांस्कृतिक परंपराओं के विपरीत बताते हुए इस विषय पर विशेष विचार करने का सुझाव दिया। साथ ही समाज के सभी वर्गों से व्यापक संवाद कर उनके विचारों को विधेयक में समाहित करने की मांग भी की गई। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी हरिराम मीना सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story