जुर्माना वसूल करने में धौलपुर परिवहन विभाग समूचे प्रदेश में अव्वल

WhatsApp Channel Join Now
जुर्माना वसूल करने में धौलपुर परिवहन विभाग समूचे प्रदेश में अव्वल


धौलपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। सडक सुरक्षा के प्रति जागरूकता हेतु यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित कराने और प्रशमन (कम्पाउंडिंग) राशि अर्जित करने के मामले में धौलपुर जिला पूरे राजस्थान में प्रथम स्थान पर है। चालू वित्त्तीय वर्ष में धौलपुर जिला परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग ने यह उपलब्धि अर्जित की है।

परिवहन एवं सडक सुरक्षा विभाग द्वारा जारी राज्य स्तरीय डीटीओ रैंकिंग (01 अप्रैल 2026 से 16 नवंबर 2026 तक) के आंकड़ों के अनुसार, धौलपुर जिला परिवहन कार्यालय ने इस अवधि में कुल 25061 चालान बनाकर 1244.42 लाख रुपये (12 करोड़ 44 लाख 42 हजार रुपये) की प्रशमन राशि अर्जित की है, जो कि प्रदेश के सभी जिलों में सर्वाधिक है। यही नहीं इस मामले में पिछले वर्ष के मुकाबले 306.92 लाख रुपये की रिकॉर्ड बढ़ोतरी की गई है।

जिला परिवहन अधिकारी गौरव यादव ने बताया कि बीते समय में धौलपुर परिवहन विभाग के राजस्व एवं प्रवर्तन कार्यों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। वर्तमान अवधि (01 अप्रैल से 16 नवंबर 2026) की राशि 1244.42 लाख रुपये गत वर्ष की समान अवधि (01 अप्रैल से 16 नवंबर 2025) 937.50 लाख रुपये से कुल 306.92 लाख रुपये (3 करोड़ 6 लाख 92 हजार रुपये) की बढोतरी हुई है। यह उपलब्धि जिले में सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति सख्ती और परिवहन विभाग की टीम द्वारा किए गए निरंतर प्रवर्तन कार्यों का परिणाम है।

यादव ने बताया कि भविष्य में जो भी वाहन नियम विरूद्ध संचालित पाया जाएगा, उसके विरूद्ध मोटरवाहन अधिनियम की धाराओं की अंतर्गत प्रभावी कार्यवाही की जाएगी। साथ ही सडक सुरक्षा दृष्टि से यातायात नियमों का उल्लघंन करने पर चालान बनाये जाएंगे। विभाग द्वारा सरकार द्वारा आवंटित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रयास कर अधिक से अधिक राजस्व का अर्जन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780025 Articles

Share this story