धौलपुर में हर घर तिरंगा अभियान का आगाज 9 अगस्त से
धौलपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। देश एवं प्रदेश के साथ-साथ धौलपुर जिले में हर घर तिरंगा अभियान का आगाज 9 अगस्त से होगा। डीएम श्रीनिधि बी टी ने कलक्ट्रेट सभागार में हर घर तिरंगा अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाएं।
उन्होंने बताया कि जिलेभर में 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत जिले, नगरीय निकाय, पंचायत समिति एवं ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न जनभागीदारी आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान की शुरुआत 9 अगस्त को प्रातः 8 से 11 बजे तक तिरंगा प्रभात फेरी के साथ होगी। इसी क्रम में 10 अगस्त को प्रत्येक ग्राम पंचायत में नागरिकों एवं विद्यार्थियों की भागीदारी से ई-बाइक, साइकिल, ट्रैक्टर एवं तिरंगा रैलियां निकाली जाएंगी। वहीं, 11 एवं 12 अगस्त को तिरंगा एवं वंदे मातरम विषयक प्रदर्शनियों एवं मेलों का आयोजन किया जाएगा। जिनमें तिरंगे के महत्व पर आधारित फोटो एवं वीडियो प्रदर्शनी, हस्तशिल्प, हाथ से तिरंगा निर्माण, राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी गतिविधियां तथा स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। नागरिकों को तिरंगे के साथ सेल्फी लेने के पश्चात उसे सांबंधित वेबसाइट पर अपलोड करनी होगी। इसी क्रम में 13 से 17 अगस्त तक सरकारी कार्यालयों, स्मारकों, प्रमुख बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा थीम पर सजाया जाएगा तथा प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा कैनवास स्थापित किए जाएंगे। जिन पर आमजन हस्ताक्षर कर राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति के संदेश अंकित कर सकेंगे। अभियान के तहत 14 अगस्त को प्रत्येक ग्राम पंचायत में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें स्वतंत्रता सेनानियों, पूर्व सैनिकों, शहीदों के परिजनों तथा सुरक्षा बलों के सेवानिवृत्त कार्मिकों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाएगा। वहीं, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर ध्वजारोहण के साथ सभी नागरिकों को तिरंगा शपथ दिलाई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

