धौलपुर में शिक्षक सम्मेलन का समापन

WhatsApp Channel Join Now
धौलपुर में शिक्षक सम्मेलन का समापन


धौलपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, विद्यालय शिक्षा, जिला धौलपुर के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय शिक्षक सम्मेलन का शनिवार को समापन हुआ। सम्मेलन में शिक्षक हित, संगठनात्मक विस्तार, शैक्षिक गुणवत्ता, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, सामाजिक समरसता और शिक्षक समस्याओं सहित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष, भरतपुर संभाग, रामनरेश नाथ राठौड़ ने कहा कि युवा पीढ़ी वर्तमान समय में विभिन्न सूचनाओं, विचारों और सामाजिक प्रभावों से गुजर रही है। ऐसे में उसे वैचारिक भ्रम और भटकाव से बचाकर संस्कार, राष्ट्रभावना, सामाजिक उत्तरदायित्व और सकारात्मक जीवन-दृष्टि की दिशा देना आवश्यक है।

जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम शर्मा ने कहा कि संगठन की शक्ति उसके समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ताओं में निहित है। शिक्षक समाज का मार्गदर्शक होने के साथ राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी भी है। इसलिए शिक्षक हितों के साथ शिक्षा और समाज के व्यापक हितों के लिए संगठन को सक्रिय रहना चाहिए।

सम्मेलन में जिला मंत्री नवनीत शर्मा, प्रदेश सेवानिवृत्त शैक्षिक प्रकोष्ठ के देवेश प्रसाद शर्मा, विभाग संगठन मंत्री जयप्रकाश कटारा और प्रदेश शैक्षिक प्रकोष्ठ सदस्य गोविंद शर्मा ने भी विचार रखे।

सम्मेलन में कार्यकर्ताओं ने संगठन की रीति-नीति और विचारों को विद्यालय स्तर तक पहुंचाने, शिक्षक हितों के लिए संगठित होकर कार्य करने तथा शिक्षा एवं समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।

इस दौरान शिक्षक समस्याओं, संगठनात्मक विस्तार, शैक्षिक नवाचार, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, सामाजिक समरसता और विद्यालय आधारित विभिन्न विषयों पर भी विचार रखे गए। सम्मेलन में जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं सदस्य, विभिन्न खंडों के अध्यक्ष एवं मंत्री तथा जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story