शिक्षक संस्कारों से तय करते हैं आने वाली पीढ़ी की दिशा : डॉ. मीणा
धौलपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। चकोली शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास समिति द्वारा शिक्षक दिवस पर वार्षिक छात्रवृत्ति एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 36 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि राजकीय महाविद्यालय धौलपुर के प्राचार्य डॉ. गिर्राज सिंह मीणा ने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा प्रदान करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि वह समाज का आइना होता है। शिक्षक अपनी शिक्षा, आचरण, संस्कार और व्यवहार के माध्यम से आने वाली पीढ़ी के साथ-साथ पूरे समाज की दिशा तय करता है। इग्नू के पूर्व वाइस चांसलर डॉ. मनरूप सिंह मीणा ने कहा कि चकोली शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास समिति ने शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य करते हुए अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। संस्था द्वारा जरूरतमंद और प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देने का कार्य सराहनीय है।
समिति के संरक्षक दुर्गादत्त शास्त्री ने कहा कि चकोली शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास समिति पिछले 27 वर्षों से उच्च शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। संस्था का उद्देश्य प्रतिभावान एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है। समिति के कोषाध्यक्ष गौरव गर्ग ने समारोह में उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समिति उच्च शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है और भविष्य में भी यह अभियान पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेगा। समारोह में पूर्व उप प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय धौलपुर प्रोफेसर अनिल कुमार बेरी एवं सेवानिवृत्त शिक्षक विशंभर दयाल शर्मा को शिक्षा तथा जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष गुरमीत मान को खेल के क्षेत्र में समिति की ओर से सम्मानित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

