धौलपुर नगर परिषद में गिरीश गर्ग निर्विरोध सभापति बने

WhatsApp Channel Join Now
धौलपुर नगर परिषद में गिरीश गर्ग निर्विरोध सभापति बने


धौलपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। जिले में चल रही नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया में धौलपुर नगर परिषद में वरिष्ठ व्यवसायी गिरीश गर्ग निर्विरोध रुप सभापति चुने गए। नाम वापसी के दौरान सभापति पद के अन्य सभी उम्मीदवारों द्वारा नाम वापस लेने के बाद निर्दलीय प्रत्याशी गिरीश गर्ग अकेले मैदान में बचे और उन्हें निर्विरोध सभापति चुन लिया गया।

धौलपुर नगर परिषद सभापति पद के लिए नाम वापसी के आखिरी चरण में शुक्रवार को सत्यदेव कंसाना, सीमा शर्मा, निशांत सिंह, कमलजीत, शराफत खान और सुभाष शर्मा ने अपने नामांकन वापस ले लिए। इसके बाद निर्दलीय प्रत्याशी गिरीश गर्ग ही मैदान में रह गए और उनका निर्विरोध चुनाव हो गया। बताते चलें कि निर्दलीय गिरीश गर्ग के निर्विरोध सभापति बनने को नगर परिषद की राजनीति में एक अहम घटना माना जा रहा है। नए नियमों के तहत गिरीश गर्ग बिना वार्ड पार्षद का चुनाव लड़े ही निर्विरोध सभापति बने हैं। इससे पूर्व पांच साल पहले गिरीश गर्ग की पुत्रवधू सोनम गर्ग को भाजपा ने सभापति पद के लिए चुनाव मैदान में उतारा था। उस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पडा था।

धौलपुर जिले की सात नगर निकायों में शामिल बसेड़ी और सरमथुरा में भी चेयरमैन का चुनाव निर्विरोध संपन्न हो गया। बसेड़ी नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया के दौरान एकमात्र नामाकंन होने के कारण भाजपा प्रत्याशी राघवेंद्र सिंह का निर्विरोध चुनाव हो गया। आज ही सरमथुरा नगर पालिका में भी नाम वापसी के बाद कांग्रेस प्रत्याशी रामकला निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गईं। जिले की सात नगर निकायों में तीन निकायों धौलपुर,बसेडी और सरमथुरा में निर्विरोध निर्वाचन के बाद में अब चार निकायों में 21 सितंबर को चुनाव होंगे। इनमें मनियां,राजाखेड़ा,सैंपऊ और बाडी शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story