बोलेरो और बाइक की भिड़ंत में मां-बेटा सहित तीन की मौत

WhatsApp Channel Join Now
बोलेरो और बाइक की भिड़ंत में मां-बेटा सहित तीन की मौत


धौलपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। जिले के राजाखेड़ा उपखंड में सोमवार शाम एक बोलेरो जीप और बाइक की भिड़ंत में तीन व्यक्तियों की मौत हो गई। राजाखेड़ा क्षेत्र के सिलावट रोड पर हुए इस हादसे के मृतकों में मां-बेटा सहित एक अन्य महिला शामिल है। बाइक सवार मृतक राजाखेड़ा इलाके के रहने वाले हैं तथा उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के पिनाहट इलाके में एक विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को राजाखेड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया है।

राजाखेडा थाना प्रभारी गंभीर सिंह ने बताया कि धौलपुर जिले के राजाखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव बाबरपुर निवासी सचिन ठाकुर अपनी बाइक से उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के पिनाहट थाना क्षेत्र के मनोना गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। बाइक पर सचिन के साथ उसकी मां भूदेवी तथा ताई शकुंतला देवी भी बैठी हुई थी। राजाखेड़ा-सिलावट रोड पर जैसे ही बाइक सिद्धियापुरा गांव के पास पहुंची। तभी बाइक की भिड़ंत सामने से आ रही बोलेरो जीप से हो गई। हादसे में बाइक सवार 20 वर्षीय सचिन, 50 वर्षीय भूदेवी एवं 55 वर्षीय शकुंतला देवी गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची राजाखेड़ा थाना पुलिस ने तीनों घायलों को राजाखेड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

राजाखेड़ा थाना पुलिस ने तीनों मृतकों की शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया है, जहां मंगलवार सुबह उनका पोस्टमार्टम कराया जाएगा। उधर,इस सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत के बाद बाबरपुर सहित आसपास के इलाके में शोक के हालात हैं तथा लोग विधाता की करनी को कोस रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story