श्रद्धालुओं के लिए पेयजल एवं विश्राम की व्यवस्था कराएं : बेढम

WhatsApp Channel Join Now
श्रद्धालुओं के लिए पेयजल एवं विश्राम की व्यवस्था कराएं : बेढम


धौलपुर, 19 मार्च (हि.स.)। प्रदेश के गृहराज्य मंत्री एवं धौलपुर जिला प्रभारी मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म गुरूवार को धौलपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा की। बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि वर्तमान में कैलादेवी दर्शन के लिए पैदल यात्रा करने वाले भक्तों के लिए सरमथुरा में चिकित्सकीय सेवा दिया जाना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही पर्याप्त मात्रा में दवाई की व्यवस्था की जाए। रास्ते में पड़ने वाली ग्राम पंचायतों में श्रृद्धालुओं के लिए पेयजल एवं ठहराव की व्यवस्था की जाएं। जिले में गैस की किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। गैस के लिए अफरा-तफरी नहीं हो। इसके लिए सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन को जागरूक करें। गैस की नियमित मॉनिटरिंग किया जाना सुनिश्चित करें।

समीक्षा बैठक में ग्रीष्मकाल में जल आपूर्ति की तैयारियों की गहन समीक्षा करते हुए समर कंटीजेंसी प्लान, पेयजल की उपलब्धता, टैंकर प्रबंधन तथा वैकल्पिक स्रोतों की स्थिति पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जल संकट प्रभावित क्षेत्रों की पूर्व तैयारी, नियमित मॉनिटरिंग तथा खराब हैंडपंपों एवं नलकूपों की शीघ्र मरम्मत के निर्देश भी दिए। गर्मी के मौसम में आगजनी की स्थिति नहीं हो इसके लिए नगर परिषद एवं नगर पालिकाओं में दमकलों को तैयार रखें। खराब दमकलों को शीघ्र ठीक कराया जाना सुनिश्चित करें। संपर्क पोर्टल पर प्राप्त परिवेदनाओं के निस्तारण की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में राइजिंग राजस्थान पहल के अंतर्गत एमओयू की प्रगति पर चर्चा करते हुए कहा कि किए गए एमओयू को धरातल पर उतारें। बैठक के अंत में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी बिंदुओं पर की गई समीक्षा के आधार पर विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर राज्य सरकार को प्रेषित किया जाए, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में और अधिक गति लाई जा सके। बैठक में जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने राज्य सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं एवं किए जा रहे कार्यो की बिन्दुवार जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिले में रसोई गैस की कोई किल्लत नहीं है। गैस की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने आश्वासन देते हुए कहा कि सभी अधिकारी प्रभारी मंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करेगें। बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद ए एन सोमनाथ, उपवन संरक्षक वी चेतन, अतिरिक्त जिला कलक्टर हरिराम मीना, विधायक बाड़ी जसवंत सिंह गुर्जर, जिला अध्यक्ष भाजपा राजवीर सिंह राजावत, भाजपा नेत्री नीरजा अशोक शर्मा एवं डॉ. शिवचरण कुशवाह सहित विभिन्न विभाग के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story