नगर निकाय चुनाव : धौलपुर पुलिस ने किया शहर में फ्लैग मार्च

WhatsApp Channel Join Now
नगर निकाय चुनाव : धौलपुर पुलिस ने किया शहर में फ्लैग मार्च


धौलपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। नगर निकाय चुनाव से पूर्व पुलिस ने अपनी निगरानी बढा दी है। इसी क्रम में शनिवार शाम को पुलिस ने शहर के मुख्य बाजारों सहित विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान पुलिस की टीम ने आमजन में सुरक्षा का भरोसा और असामाजिक तत्वों में कानून का संदेश दिया। जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि आगामी नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा धौलपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा फ्लैग मार्च किया गया।

धौलपुर शहर में सीओ सिटी प्रदीप कुमार की अगुवाई में निहालगंज थाना प्रभारी देवेन्द्र शर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने पैदल एवं वाहनों के माध्यम से फ्लैग मार्च कर आमजन को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण का भरोसा दिलाया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने प्रमुख बाजारों, मुख्य मार्गों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, मतदान केन्द्रों के आसपास तथा संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों का भ्रमण किया। इस दौरान आमजन से आगामी चुनाव के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई।

फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना तथा चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों को स्पष्ट संदेश देना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फ्लैग मार्च के साथ-साथ पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की निगरानी, पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर तथा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाई गई है। चुनाव के दौरान अवैध शराब, हथियार, मादक पदार्थों की तस्करी, धनबल अथवा अन्य किसी माध्यम से मतदाताओं को प्रभावित करने के प्रयासों पर भी पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। एसपी ने बताया कि सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों से भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा माहौल बिगाड़ने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने अथवा अफवाह फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story