नगर निकाय चुनाव को लेकर धौलपुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद

WhatsApp Channel Join Now
नगर निकाय चुनाव को लेकर धौलपुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद


धौलपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। नगर निकाय चुनाव-2026 के अंतर्गत जिले में 09 सितंबर को प्रथम चरण में होने वाले धौलपुर नगर परिषद तथा राजाखेड़ा, मनियां एवं सैंपऊ नगर पालिकाओं के मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए धौलपुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। जिले के धौलपुर शहर, राजाखेड़ा, मनियां एवं सैंपऊ कस्बों में पुलिस टीमों द्वारा फ्लैग मार्च किया गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन एवं मतदाताओं को निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संदेश दिया गया तथा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए पुलिस की व्यापक सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया गया।

पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराना धौलपुर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, भय या दबाव उत्पन्न करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोर एवं त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर निकाय चुनाव को लेकर पुलिस द्वारा जिले के संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों तथा उनके आसपास के क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस टीमों द्वारा लगातार क्षेत्र में भ्रमण एवं गश्त की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही होटल, ढाबों एवं अन्य संदिग्ध स्थानों पर चेकिंग अभियान भी जारी है। आमजन एवं मतदाताओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के भय, दबाव अथवा प्रलोभन में आए बिना अपने मताधिकार का स्वतंत्र एवं निर्भीक होकर प्रयोग करें। चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून व्यवस्था से संबंधित सूचना तत्काल पुलिस को दें। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा तथा वृताधिकारी वृत्त धौलपुर प्रदीप नेहरा सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल उपस्थित रहा। वहीं, राजाखेड़ा, मनियां एवं सैंपऊ कस्बों में भी पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में पर्याप्त पुलिस बल द्वारा फ्लैग मार्च किया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने आमजन को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान का संदेश देते हुए चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न करने वाले असामाजिक एवं शरारती तत्वों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story