निकाय चुनाव : पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च

WhatsApp Channel Join Now
निकाय चुनाव : पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च


धौलपुर, 04 सितंबर (हि.स.)। धौलपुर जिले में होने वाले नगर निकाय चुनाव के लिए पुलिस प्रशासन इन दिनों अलर्ट मोड पर है। पुलिस के अधिकारियों द्वारा जवानों के साथ विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च एवं पैदल गश्त की जा रही है। पुलिस की इस कवायद का उद्देश्य निष्पक्ष एवं निर्भीक चुनाव के लिए आमजन को भयमुक्त वातावरण में मतदान करने का संदेश देना है। शुक्रवार को वृत्ताधिकारी वृत्त सैपऊ मनोहर मीणा के नेतृत्व में सैपऊ शहर में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस जवानों ने सैपऊ नगर पालिका क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, मुख्य मार्गों एवं गली-मोहल्लों में पैदल मार्च कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस ने आमजन से निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील भी की।

वृत्ताधिकारी वृत्त सैपऊ मनोहर मीणा ने बताया कि कस्बे में फ्लैग मार्च एवं पैदल गश्त के माध्यम से असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा, अशांति अथवा गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मीणा ने बताया कि निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले संभावित उपद्रवियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा अवैध शराब, अवैध हथियार एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। फ्लैग मार्च के दौरान थाना प्रभारी सैपऊ अमित कुमार शर्मा, थाना प्रभारी कौलारी हरिनारायण मीणा एवं थाना प्रभारी कंचनपुर हरेंद्र सिंह सहित पुलिस बल मौजूद रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story