पुलिस एवं आरएसी ने चलाया ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस एवं आरएसी ने चलाया ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान


धौलपुर, 24 मई (हि.स.)। फिट इंडिया मिशन के तहत धौलपुर जिले में पुलिस एवं 6 वीं बटालियन आरएसी द्वारा संयुक्त रूप से ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान आयोजन किया गया। “फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज” थीम पर आयोजित अभियान के दौरान पुलिस और आमजन ने मिलकर फिटनेस का संदेश दिया। इस दौरान साईकिल रैली,योगा तथा जुम्बा एवं स्किपिंग जैसी गतिविधियां संपन्न्न हुईं।

पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में फिट इंडिया मिशन के अन्तर्गत रविवार को ''संडे ऑन साइकिल'' अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने पुलिस लाईन से साईकिल रैली को रवाना किया। साइकिल रैली रिजर्व पुलिस लाइन से शुरू होकर जगदीश टाकीज, सैपउ रोड,जगदीश तिराहा एवं गुलाब होते हुए 6 वीं बटालियन आरएसी धौलपुर पर संपन्न हुई। इस रैली में पुलिस तथा आरएसी बल के साथ-साथ स्कूल-कॉलेज के छात्रों, एनसीसी और स्काउट के सदस्यों, सीएलजी सदस्यों, सुरक्षा सखी, और अन्य सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला पुलिस की इस पहल से “फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज” का नारा सार्थक होता दिखा।

जिला पुलिस अधीक्षक श्री विकास सांगवान आईपीएस ने इस सफल आयोजन पर सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर एसपी ने कहा कि साइक्लिंग को जीवनशैली का हिस्सा बनाना न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है। इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल नागरिकों में स्वास्थ्य, अनुशासन और जागरूकता को बढ़ावा देते है बल्कि पुलिस और समाज के बीच के रिश्ते को भी मजबूत करते हैं। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिकाऊ प्रकोष्ठ हवा सिंह एवं डिप्टी कमांडेंट आरएसी धौलपुर सुरेश सांखला सहित कई थानों के थानाधिकारीगण, पुलिस व आर ए सी के अधिकारी एवं जवान बड़ी संख्या में शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story