पचगांव से भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक एवं पटाखे जब्त

WhatsApp Channel Join Now
पचगांव से भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक एवं पटाखे जब्त


धौलपुर, 06 नवंबर (हि.स.)। दीपावली पर्व के दौरान आमजन की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिलेभर में अवैध पटाखों के भंडारण, निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को थाना सदर पुलिस द्वारा पचगांव क्षेत्र में अवैध पटाखों की बिक्री एवं भंडारण की सूचना पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में विस्फोटक श्रेणी के अवैध पटाखे जब्त किए गए हैं। जब्त पटाखों के स्वामित्व एवं संबंधित व्यक्ति की पहचान की जा रही है तथा प्रकरण में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। शुक्रवार को पचगांव में अवैध पटाखों की बिक्री तथा उनमें आग लगने के संबंध में सूचना मिली थी। जिसमें एक महिला और एक बच्चे के आंशिक रुप से झुलसने की शात सामने आई थी।

जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि इस सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक शहर प्रदीप नेहरा के साथ सदर थाना पुलिस की टीम ने छापा मारा। इस मामले में प्रारंभिक पडताल में पंचगांव और पुरानी छावनी निवासी असगर तथा चांद खान का जुडाव सामने आया है। पुलिस द्वारा दोंनों से पूछताछ की जा रही है। एसपी ने बताया कि अवैध पटाखों के विरुद्ध अभियान के तहत इससे पूर्व थाना सदर धौलपुर पुलिस द्वारा ग्राम पचगांव में दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए बिना लाइसेंस बारूदयुक्त हस्तनिर्मित एवं अर्धनिर्मित पटाखों का अवैध भंडारण एवं बिक्री करने वाले इन्हीं दो व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई थी। इनमें चांद खान निवासी पचगांव के कब्जे से करीब 14 किलोग्राम हस्तनिर्मित बारूदयुक्त पटाखे बरामद हुए। इसी प्रकार थाना सदर पुलिस को ग्राम पचगांव के वार्ड नंबर एक में असगर निवासी पुरानी छावनी को पकड़ा। उसके कब्जे में मिले प्लास्टिक के कट्टे की तलाशी लेने पर करीब 15 किलोग्राम हस्तनिर्मित अर्धनिर्मित बारूदयुक्त पटाखे बरामद हुए थे। उक्त दोनों प्रकरणों में बिना लाइसेंस विस्फोटक सामग्री का कब्जा रखने एवं बिक्री करने तथा आमजन के जीवन को संकट में डालने के संबंध में थाना सदर धौलपुर पुलिस द्वारा भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 एवं विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9बी के तहत विधिक कार्रवाई की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773620 Articles

Share this story