धौलपुर जिले में बजरी खनन एवं परिवहन पर पुलिस की सख्ती

WhatsApp Channel Join Now
धौलपुर जिले में बजरी खनन एवं परिवहन पर पुलिस की सख्ती


धौलपुर, 16 मई (हि.स.)। जिले में पुलिस द्वारा प्रतिबंधित चंबल बजरी खनन एवं परिवहन के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही चंबल किनारे प्रतिबंधित चंबल बजरी के स्टॉकों को जेसीबी से नष्ट किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को प्रतिबंधित चंबल बजरी से भरे तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। वहीं, अब बजरी खनन एवं परिवहन में प्रयुक्त वाहन जुर्माने से नहीं छूटेंगे। इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट ने सख्त आदेश जारी किए हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि पुलिस एवं डीएसटी टीम ने शनिवार को पुलिस थाना राजाखेड़ा क्षेत्र के अंतर्गत समौना के पास चंबल घाट पर रात्रि के दौरान विशेष छापेमारी अभियान चलाया। सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों की पालना में प्रतिबंधित चंबल बजरी खनन एवं परिवहन में प्रयुक्त वाहनों एवं मशीनों को केवल जुर्माना लगाकर छोड़ने पर रोक लगाए जाने के बाद जिले में यह आज की पहली बड़ी कार्रवाई है। चंबल के बीहड क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम को प्रतिबंधित चम्बल बजरी से भरे हुए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर पाए गए, जिन्हें जब्त किया गया। इस संबंध में एक आरोपित सुनील शर्मा निवासी समौना थाना राजाखेड़ा जिला धौलपुर को भी गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने बताया कि धौलपुर पुलिस द्वारा अवैध बजरी खनन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। जिले में प्रतिबंधित चंबल बजरी खनन व परिवहन की रोकथाम के लिए सख्ती के साथ ही आमजन को जागरूक करने की शुरुआत की गई है। इस अभियान में आमजन को जागरूक करने एवं इस अवैध गतिविधि से दूर रहने के लिए विशेष समझाइश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story