धौलपुर पुलिस एक्शन में, राजाखेड़ा में निकाला पैदल मार्च

WhatsApp Channel Join Now
धौलपुर पुलिस एक्शन में, राजाखेड़ा में निकाला पैदल मार्च


धौलपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। जिले में आगामी नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए धौलपुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। जिले भर में लगातार पैदल मार्च कर संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी तथा मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि सोमवार को राजाखेड़ा नगर पालिका क्षेत्र में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च एवं पैदल गश्त कर आमजन को शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान करने का संदेश दिया गया। वृताधिकारी वृत्त मनियां खलील अहमद के नेतृत्व में थानाधिकारी थाना राजाखेड़ा वीर सिंह मय पुलिस जाप्ता ने कस्बे के विभिन्न संवेदनशील एवं प्रमुख क्षेत्रों में पैदल फ्लैग मार्च किया।

पुलिस टीम द्वारा गंगोलियापुरा, अंबरपुर, नया गांव, दूल्हे राय का घेर सहित विभिन्न इलाकों में पैदल गश्त कर कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने आमजन से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा चुनाव को प्रभावित करने वाले प्रयास की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। एसपी ने बताया कि नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर पुलिस द्वारा ऐसे व्यक्तियों एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जो चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित कर सकते हैं या कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकते हैं। पुलिस द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त एवं निगरानी बढ़ाई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story