धौलपुर जिले की तीन पंचायत समितियों के सरपंच पद का मतदान संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
धौलपुर जिले की तीन पंचायत समितियों के सरपंच पद का मतदान संपन्न


धौलपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तहत तृतीय चरण में गुरुवार को धौलपुर जिले की तीनों पंचायत समितियों बाड़ी, धौलपुर एवं सैपऊ की ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंचों के निर्वाचन के लिए शांतिपूर्ण माहौल में मतदान हुआ। गांव की सरकार चुनने के लिए सुबह से ही मतदान केंद्रों पर युवा, बुजुर्ग, महिलाओं और पुरुषों की लंबी कतारें देखने को मिली। मतदान को लेकर युवा वर्ग के साथ-साथ बुजुर्ग मतदाताओं में भी जोश नजर आया। कई बुजुर्ग मतदाताओं ने अपने परिजनों के सहारे मतदान केंद्रों तक पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। निर्वाचन विभाग की ओर से दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिकों की सहूलियत के लिए बूथों पर व्हीलचेयर व अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई। प्रत्येक बूथ पर मतदाताओं की लम्बी-लम्बी कतारें देखने को मिली।

जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीनिधि बी टी ने कहा कि मतदानकर्मियों को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव कराना ही मतदान कर्मियों का लक्ष्य है। उन्होने बताया कि प्रातः 10 बजे तक पंचायत समिति बाड़ी की 43 ग्राम पंचायतों के मतदाताओं ने 22.68 प्रतिशत, धौलपुर की 37 ग्राम पंचायतों के 23.52 प्रतिशत तथा सैपऊ की 43 ग्राम पंचायतों के 22.43 प्रतिशत मतदाता मतदान कर चुके थे। दोपहर 1 तक बाड़ी में 52.91 प्रतिशत, धौलपुर में 51.79 प्रतिशत तथा सैपऊ में 51.09 प्रतिशत मतदाता मतदान कर चुके थे। दोपहर 3 तक बाड़ी में 71.80 प्रतिशत, धौलपुर में 70.31 प्रतिशत तथा सैपऊ में 68.73 प्रतिशत मतदाता मतदान कर चुके थे। सायं 6 बजे तक पंचायत समिति बाड़ी में 86.53 प्रतिशत, धौलपुर में 86.15 प्रतिशत, तथा सैपऊ में 86.44 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773089 Articles

Share this story