नवरात्र महोत्सव : जगत कल्याणार्थ हुआ देवी श्री महागौरी का सामूहिक हवन

WhatsApp Channel Join Now
नवरात्र महोत्सव : जगत कल्याणार्थ हुआ देवी श्री महागौरी का सामूहिक हवन


धौलपुर, 26 मार्च (हि.स.)। नवरात्र महोत्सव में देवी मंदिरों पर भक्तों का सैलाब उमड रहा है। मां के भक्त नेजा, पूजन एवं अभिषेक सहित अन्य जतन करके मां दुर्गा को मनाने में लगे हैं। नवरात्र महोत्सव में गुरूवार को सामूहिक हवन के कार्यक्रम संपन्न हुए। इसी क्रम में शुक्रवार को कन्या-लांगुरा पूजन संपन्न होगा।

चैत्र शुक्ल पक्ष की अष्टमी के अवसर पर श्री महामाया मंदिर पर भक्तों के द्वारा जगत कल्याणार्थ एवं विश्व शांति की स्थापना के लिए अष्टमी की अधिष्ठात्री देवी श्री महागौरी का सामूहिक हवन संपन्न हुआ। हवन के प्रमुख आचार्य पंडित श्याम सुंदर शर्मा एवं मंदिर आचार्य हरिओम शास्त्री के द्वारा दुर्गा सप्तशती के सिद्ध मंत्रों के वाचन से हवन कार्य संपन्न कराया गया। हवन का प्रारंभ गणेश मंत्र,नवार्ण मंत्र,दुर्गा मंत्र एवं शक्ति मंत्रों के साथ हवन करवाया गया। हवन आचार्य श्याम सुंदर शर्मा के द्वारा भक्तों के कल्याणार्थ एवं विश्व शांति की स्थापना हेतु विशेष नवाक्षर मंत्रों के द्वारा हवन में आहुति करवाई गई। भक्तों ने उपस्थित होकर सामूहिक हवन में सम्मिलित होकर यश तथा पुण्य लाभ की प्राप्ति की। शुक्रवार को मंदिर पर दोपहर पश्चात लांगुरा कन्या पूजन एवं प्रसाद वितरण का कार्यक्रम होगा। आयोजन में मंदिर कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र कश्यप सहित अन्य श्रद्वालु मौजूद रहे। उधर,नवरात्र महोत्सव में शहर के मां संतोषी मंदिर, मां काली एवं महाकाली मंदिर,मां वैष्णों मंदिर,झोर वाली कैला माता मंदिर तथा अन्य दुर्गा मंदिरों पर विशेष आयोजन सम्‍पन्न किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story