धौलपुर में 20 सितंबर को होगी ‘मन से मजबूत राजस्थान’ मैराथन

WhatsApp Channel Join Now
धौलपुर में 20 सितंबर को होगी ‘मन से मजबूत राजस्थान’ मैराथन


धौलपुर में 20 सितंबर को होगी ‘मन से मजबूत राजस्थान’ मैराथन


धौलपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) और रोटरी क्लब धौलपुर के संयुक्त तत्वावधान में ‘मन से मजबूत राजस्थान-रन फॉर मन’ मैराथन का आयोजन 20 सितंबर को किया जाएगा। मैराथन सुबह 6.30 बजे नगर परिषद कार्यालय से शुरू होकर मचकुंड पर संपन्न होगी।

जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी और पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने शुक्रवार को मैराथन की आधिकारिक टी-शर्ट का विमोचन किया।

आईएमए धौलपुर के अध्यक्ष डॉ. निखिल अग्रवाल ने बताया कि चिकित्सक समुदाय मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता के इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग ले रहा है। मैराथन के नोडल अधिकारी डॉ. सुमित मित्तल ने बताया कि ‘मन से मजबूत राजस्थान’ अभियान का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, मानसिक समस्याओं से जुड़े कलंक और झिझक को कम करना तथा जरूरत पड़ने पर समय पर सहायता लेने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करना है।

मैराथन में चिकित्सकों, विद्यार्थियों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story