राष्ट्र निर्माण में नारी शक्ति से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्र निर्माण में नारी शक्ति से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान


धौलपुर, 08 मार्च (हि.स.)। अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रविवार को धौलपुर में नगर परिषद सभागार में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन हुआ। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा सर्वाेच्च अंक प्राप्त करने वाली बालिकाओं का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने उपस्थित मातृ शक्ति को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारी संस्कृति यत्र नार्यस्तु पूज्यंते रमन्ते तत्र देवता की विचारधारा की है। नारी परिवार का भी आधार है तथा बच्चे की प्रथम पाठशाला है। नारी शक्ति राष्ट्र निर्माण में भी अपनी भूमिका निभाएं। भाजपा जिला अध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत ने केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी जी व मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा जी के नेतृत्व में महिला उत्थान की योजनाओं का लाभ देश एवं प्रदेश की महिलाओं को मिल रहा है। भाजपा नेत्री नीरजा अशोक शर्मा ने कहा कि महिला आज सरपंच से लेकर राष्ट्रपति जैसे बड़े पदों पर विराजित हैं। इससे बड़ी महिला सशक्तीकरण की मिशाल कोई हो नहीं सकती। भाजपा नेता डॉ. शिवचरण कुशवाहा ने महिला सशक्तिकरण को आज के दौर की अनिवार्य आवश्यकता बताते हुए महिला सशक्तीकरण के लिए चलाई जा रहीं याेजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में सहायक निदेशक भूपेश गर्ग ने महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से संचालित की जा रहीं योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी तथा सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में एसडीएम सरमथुरा अलका श्रीवास्तव, एसडीएम सैंपऊ वंशीधर योगी,सीडीपीओ राजाखेड़ा अविनेश कुमार एवं बाड़ी सीडीपीओ अर्पित श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी तथा जन प्रतिनिधि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story