धौलपुर के मचकुंड सरोवर क्षेत्र में दिखा पैंथर का मूवमेंट

WhatsApp Channel Join Now
धौलपुर के मचकुंड सरोवर क्षेत्र में दिखा पैंथर का मूवमेंट


धौलपुर के मचकुंड सरोवर क्षेत्र में दिखा पैंथर का मूवमेंट


धौलपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। तीर्थराज मचकुंड सरोवर क्षेत्र में पर्यटन एवं पूजा पाठ के लिए जाने वाले लोग सावधान हो जाएं। राजस्थान एक्सक्लूसिव एडं केमिकल लिमिटेड फैक्ट्री के मजदूरों को भी सावधानी और सतर्कता की जरूरत है। तो प्राचीन मोनी सिद्ध बाबा की गुफा एवं लोंगपुर पहाड़ पर सुबह की सैर को जाने वाले लोगों को भी अब सावधान होने की जरूरत है। वजह ,तीर्थराज मचकुंड सरोवर एवं आसपास के क्षेत्र में एक पैंथर का मूवमेंट है। इस इलाके में पेंथर के मूवमेंट को लेकर वन विभाग ने अपनी सतर्कता बढ़ा दी है तथा लोगों को सावधानी बरतने की एडवाइजरी जारी की है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक बीती रात एक पैंथर का मूवमेंट मचकुंड सरोवर क्षेत्र में स्थित राजस्थान एक्सप्लोसिव एडं केमिकल लिमिटेड फैक्ट्री के मुख्य द्वार सहित आसपास के क्षेत्र में देखा गया। पैंथर के मूवमेंट को देखकर फैक्ट्री में तैनात सुरक्षा गार्ड ने पूरी सतर्कता बरतते हुए फैक्ट्री के अन्य कार्मिकों को भी सावधान किया तथा उसका वीडियो भी बना लिया। यह कोई पहला मौका नहीं है, जब पैंथर का मूवमेंट इस इलाके में देखा गया है। करीब एक पखवाड़े पहले एक पैंथर ने तीर्थराज मचकुंड सरोवर को जाने वाले मार्ग पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराते हुए एक गाय का शिकार किया था। शिकार के बाद लोगों के आने पर पैंथर लोंगपुर पहाड़ के पास जंगल में भाग निकला।

धौलपुर जिला मुख्यालय से करीब चार किलोमीटर दूर स्थित तीर्थराज मचकुंड सरोवर क्षेत्र में प्रतिदिन देशी एवं विदेशी सैलानी आते हैं। इसके साथ ही मचकुंड सरोवर क्षेत्र में स्थित सौ से अधिक मंदिर हैं। जिनमें से प्राचीन लाडली जगमोहन मंदिर,जगन्नाथ मंदिर एवं मदन मोहन मंदिर सहित सिखों के पवित्र गुरुद्वारा शेर शिकार में भी लोगों की आना जाना रहता है। इसी क्षेत्र में प्राचीन लोंगपुर पहाड़ पर भी कई मंदिर बने हैं और रास्ते में कबीर आश्रम तथा मोनी सिद्ध बाबा की गुफा भी पड़ती है। यही नहीं मचकुंड सरोवर क्षेत्र में ही राजस्थान की प्रसिद्ध विस्फोटक निर्माता कंपनी राजस्थान एक्सप्लोसिव एडं केमिकल लिमिटेड भी संचालित है। इस फैक्ट्री में भी 24 घंटे रातों दिन कार्मिकों का आना-जाना जारी रहता है। इस क्षेत्र में पैंथर की मूवमेंट के बाद लोगों में दहशत है और लोग इस संबंध में प्रशासन एवं वन विभाग से उचित एवं प्रभावी कार्रवाई किए जाने की मांग कर रहे हैं।

इस संबंध में धौलपुर के उप वन संरक्षक वी चेतन कुमार ने बताया कि बीते दिनों में तीर्थराज मचकुंड सरोवर क्षेत्र में एक पैंथर का मूवमेंट देखा जा रहा है। इस क्षेत्र में पैंथर के मूवमेंट को वन विभाग के कार्मिकों द्वारा ट्रैक किया जा रहा है। इसके साथ ही संबंधित वन क्षेत्र और आसपास के इलाके में रहने वाले लोगों से संवाद कर उन्हें सतर्कता एवं सावधानी बरतने की अपील भी की जा रही है। डीएफओ ने बताया कि क्षेत्र में पेंथर के मूवमेंट के संबंध में लोगों को जागरूक करने एवं सूचना देने के लिए पूरे क्षेत्र में कई चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह रात के समय अथवा दिन में अकेले वन क्षेत्र में मूवमेंट ना करें और पेंथर के मूवमेंट की सूचना वन विभाग को दें। जिससे पेंथर के मूवमेंट को ट्रैक करने में मदद मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story