आस्था : धौलपुर के मचकुंड मेले में उमडा श्रद्वालुओं का सैलाब

WhatsApp Channel Join Now
आस्था : धौलपुर के मचकुंड मेले में उमडा श्रद्वालुओं का सैलाब


धौलपुर, 17 सितंबर (हि.स.)। पूर्वी राजस्थान के धौलपुर के तीर्थराज मचकुंड सरोवर का वार्षिक लक्खी मेला गुरूवार को पर्व स्नान के साथ संपन्न हो गया। दो दिन तक चले मेले में बडी संख्या में श्रद्वालुओं ने पवित्र सरोवर में डुबकी लगाई एवं मौहर तथा मौहरियों का जल में विसर्जन किया। श्रद्वालुओं ने ऋषि पंचमी की कथा सुनी तथा मचकुंड सरोवर की परिक्रमा भी लगाई। मचकुंड मेले के दौरान श्रद्वालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए प्रशासन की ओर से माकूल इंतजाम किए गए थे। पूर्वी राजस्थान के प्रसिद्व लक्खी मेलों में शुमार मचकुंड मेले में आज देवछठ के मौके पर पर्व स्नान हुआ। मेले में श्रद्वालुओं के पंहुचने का क्रम बुधवार सुबह ऋषि पंचमी से ही हो गया था,जो आज शाम तक जारी रहा। श्रद्वालुओं ने अल सुबह मचकुंड सरोवर में पवित्र स्नान किया। इसके बाद पूरे विधि विधान के साथ में नव दंपत्ति के मौहर और मौहरियां जल में विसर्जित कीं। इस दौरान महिलाओं ने परम्परागत रुप से मंगल गीत गाए तथा सरोवर के किनारों पर बने मंदिरों पर पूजा अर्चना भी की। सबसे ज्यादा भीड लाडली जगमोहन मंदिर,रानी गुरू मंदिर,पुरानी छावनी वालों के मंदिर और प्राचीन जगन्नाथ मंदिर में रही। श्रद्वालुओं ने पूरी आस्था और विस्वास के साथ में मचकुंड महाराज की आरती उतारी तथा परिक्रमा भी लगाई। परिक्रमा के दौरान श्रद्वालुओं ने गुरूद्वारा शेर शिकार दाताबंदी छोड में आयोजित लंगर में प्रसाद ग्रहण किया तथा वापसी में शाह अब्दाल शाह बाबा के दरबार में अपनी हाजिरी भी लगाई। राजस्थान के अलावा मचकुंड मेले में सबसे ज्यादा आवक मध्यप्रदेश,दिल्ली और उत्तर प्रदेश के श्रद्वालुओं की रही। मचकुंड मेले के दौरान जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी, एसपी विकास सांगवान,अपर जिलाधिकारी हरिराम मीणा,मेला प्रभारी एवं उप जिला कलक्टर सुरेश कुमार राव तथा सीओ सिटी प्रदीप कुमार नेहरा सहित अन्य अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मेले के दौरान विभिन्न सामाजिक और व्यापारिक संस्थाओं की ओर से भण्डारे में भोजन तथा पेयजल की व्यवस्था की गई। मचकुंड मेले में पुलिस,आरएसी तथा होमगार्ड के अलावा यातायात पुलिस तथा सकाउट की टीम ने व्यवस्थाएं संभाली।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story