धौलपुर के मचकुंड सरोवर में हजाराें मछलियों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
धौलपुर के मचकुंड सरोवर में हजाराें मछलियों की मौत


धौलपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। धौलपुर के तीर्थराज मचकुंड सरोवर में बीती एक रात में हजारों मछलियों की मौत हो गई। शनिवार सुबह पितरों के तर्पण के लिए मचकुंड सरोवर पहुंचे लाेगों को सरोवर में मरी हुई मछलियां मिली। इस घटना से मचकुंड सरोवर की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। इस संबंध में धौलपुर नगर परिषद के सभापति और आयुक्त ने पूरे मामले में जांच की बात कही है।

पूर्वी राजस्थान के धौलपुर में स्थित तीर्थराज मचकुंड सरोवर के वार्षिक लक्खी मेले के बाद में धौलपुर नगर परिषद द्वारा सरोवर की सफाई का काम शुरू किया गया था। नगर परिषद द्वारा सरोवर की सफाई के साथ में श्राद्व पक्ष के लिए पितरों के तर्पण के लिए श्रद्वालुओं को स्वच्छ जल उपलब्ध कराने के लिए दो दिन पूर्व सरोवर के जल में फिटकरी डाली गई थी। इसके बाद में एक ही रात में सरोवर में रहस्यमयी तरीके से हजारों मछलियों की मौत हो गई। श्राद्व पक्ष के पहले ही दिन पितरों के जल तर्पण के लिए सरोवर पहुंचे श्रद्वालुओं को आज सुबह हजारों मरी हुई मछलियां पानी में तैरती मिलीं।

इस संबंध में धौलपुर नगर परिषद सभापति गिरीश गर्ग ने बताया कि हर साल सरोवर की सफाई के लिए फिटकरी डाली जाती है। लेकिन ऐसा पहली बार हुआ है। मचकुंड मेले के बाद में सरोवर में गंदगी हो गई थी। पूरे मामले में मचकुंड सरोवर के पानी की जांच कराई जाएगी,कि कहीं गदंगी के कारण तो ऐसा नहीं हुआ है। धौलपुर नगर परिषद आयुक्त विष्णु परमार ने बताया कि पूर्व के वर्षों की तरह ही मचकुंड सरोवर की सफाई के लिए फिटकरी डाली गई थी। सरोवर में एक साथ इतनी मछलियों का मरना हैरान करने वाला है। परमार ने बताया कि मृत मछलियों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद में मौत के सही कारणों का पता लगेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story