सैपऊ में सर्वाधिक 90.77 प्रतिशत तथा धौलपुर में 74.46 प्रतिशत मतदान
धौलपुर, 09 सितंबर (हि.स.)। जिले में नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के चुनाव में धौलपुर जिले की धौलपुर नगर परिषद तथा राजाखेडा, मनिया एवं सैपउ नगर पालिकाओं में बुधवार को मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। मतदान में करीब 78 प्रतिशत मतदाताओं ने शहर की सरकार चुनने के लिए मतदान किया। जिला प्रशासन की ओर से मतदान पर कडी नजर रहीं,वहीं मतदान के दौरान सुरक्षा के माकूल इंतजाम रहे। आज के मतदान के साथ ही प्रत्याशियों का नसीब ईवीएम में बंद हो गया। अब 14 सितंबर को मतगणना के बाद ही प्रत्याशियों के नसीब का फैसला होगा। बुधवार को जिले की चार नगर निकाय के चुनाव के लिए हुए मतदान में जिले की धौलपुर नगर परिषद एवं 3 नगर पालिकाओं मनिया,राजाखेडा एवं सैपउ में कुल 77.39 प्रतिशत मतदान हुआ।
मीडिया प्रकोष्ठ से मिली जानकारी के मुताबिक नगर निकाय चुनाव में कुल एक लाख 7 हजार 116 मतदाताओं ने वोट डाले। मतदान प्रक्रिया में शाम को 6 बजे तक नगर परिषद धौलपुर में 74.46 प्रतिशत मतदान हुआ। इसी प्रकार मनिया में 85.13 प्रतिशत मतदान,राजाखेड़ा में 81.28 प्रतिशत तथा सैपऊ में 90.77 प्रतिशत मतदान हुआ। बुधवार सुबह मतदान की गति कुछ धीमी रही,लेकिन दिन चढने के साथ ही मतदान में तेजी देखी गई। सुबह दस बजे तक नगर परिषद धौलपुर में कुल 60 वार्ड में पंजीकृत मतदाता 94 हजार 264 मतदाताओं में से 21 हजार 567 मत डाले गए तथा 10 बजे तक 22.88 प्रतिशत मतदान हुआ। इसी प्रकार मनिया नगर पालिका के 20 वार्ड में पंजीकृत मतदाता 10 हजार 488 मतदाताओं में से 4 हजार मत डाले तथा 38.14 प्रतिशत मतदान हुआ। राजाखेड़ा में कुल 35 वार्ड में पंजीकृत मतदाता 24 हजार 763 में से 7 हजार 425 मत डाले गए तथा 29.98 प्रतिशत एवं सैपऊ में 20 वार्ड में 8 हजार 897 मतदाताओं में से 4 हजार 348 मत डाले गए तथा 48.87 प्रतिशत मतदान हुआ। दिन में मतदान में तेजी आई तथा धौलपुर में 47.87 प्रतिशत,मनिया में 66.77 प्रतिशत, राजाखेडा में 61.58 प्रतिशत तथा सैपउ में 75.50 प्रतिशत मतदान हुआ। नगर निकाय चुनाव में अपहरान्ह 3 बजे तक नगर परिषद धौलपुर में 61.76 प्रतिशत मतदान हुआ। इसी प्रकार मनिया में 77.63 प्रतिशत मतदान, राजाखेड़ा में 73.53 प्रतिशत तथा सैपऊ में 86.18 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीनिधि बी टी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी हरिराम मीणा, जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, अपर पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा एवं जीपी मीणा, धौलपुर के निर्वाचन अधिकारी सुरेश कुमार राव एवं सीओ सिटी प्रदीप कुमार नेहरा सहित अन्य ने मतदान केन्द्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

