धौलपुर जिले में अध्यक्ष पद हेतु सात निकायों से 26 नामांकन किए दाखिल

WhatsApp Channel Join Now
धौलपुर जिले में अध्यक्ष पद हेतु सात निकायों से 26 नामांकन किए दाखिल


धौलपुर जिले में अध्यक्ष पद हेतु सात निकायों से 26 नामांकन किए दाखिल


धौलपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। नगर निकाय आम चुनाव 2026 के अन्तर्गत धौलपुर जिले की सभी सातों नगर निकायों से अध्यक्ष पद के नामांकन प्रक्रिया के तहत बुधवार को कुल 26 नामांकन प्राप्त हुए। उधर, नामांकन के आखिरी दिन बसेडी नगर पालिका में चेयरमैन पद के लिए सिर्फ भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी राघवेंद्र ने अपना पर्चा दाखिल किया है। इस वजह से बसेडी नगर पालिका में अब भाजपा प्रत्याशी का निर्विरोध चेयरमैन चुना जाना तय माना जा रहा है।

जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीनिधि बी टी ने बताया कि नगर परिषद धौलपुर से 9, नगर पालिका बाड़ी से 3, नगर पालिका बसेड़ी से एक, नगर पालिका मनियां से 2, नगर पालिका सैपऊ से 6, नगर पालिका सरमथुरा से 3 तथा नगर पालिका राजाखेड़ा से 2 आवेदन पत्र भरे गए हैं। धौलपुर नगर परिषद सभापति पद के लिए कुल 8 उम्मीदवारों ने 9 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक बुधवार को धौलपुर नगर परिषद सभापति के लिए पूर्व उप सभापति निशांत चौधरी, गिरीश गर्ग, कमलजीत और नरेंद्र जाट ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया है। वहीं, कांग्रेस की सीमा शर्मा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन करने के साथ ही कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर भी पर्चा भरा है। इसके अलावा कांग्रेस से सत्यदेव कंसाना और शराफत ने भी नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। जबकि बसपा की ओर से सुभाष शर्मा ने भी अपना नामाकंन भरा है। उधर, नामांकन के आखिरी दिन बसेडी नगर पालिका में चेयरमैन पद के लिए सिर्फ भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी राघवेंद्र ने अपना पर्चा दाखिल किया है। इस वजह से बसेडी नगर पालिका में अब भाजपा प्रत्याशी का निर्विरोध चेयरमैन चुना जाना तय माना जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीनिधि बी टी ने बताया कि नगर निकाय चुनाव की नामाकंन प्रक्रिया में नामांकन पत्रों की संवीक्षा की तिथि 17 सितम्बर, अभ्यर्थिता वापिस लेने की अंतिम तिथि एवं समय 18 सितम्बर अपरान्ह 3 बजे तक, चुनाव चिन्हों का आवंटन 18 सितम्बर, मतदान की तिथि एवं समय 21 सितम्बर प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक, मतगणना की तिथि एवं समय 21 सितम्बर को मतदान समाप्ति के तुरन्त पश्चात की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story