धौलपुर के आंगई में बडा हादसा, भाई एवं तीन बहिन कुंड में डूबी

WhatsApp Channel Join Now
धौलपुर के आंगई में बडा हादसा, भाई एवं तीन बहिन कुंड में डूबी


धौलपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। पूर्वी राजस्थान के धौलपुर जिले के सरमथुरा उपखंड क्षेत्र में एक कुंड में डूब रहे भाई को बचाने तीन बहिनें कुंड में कूद गईं। रविवार तडके आंगई थाना क्षेत्र के बिरजा इलाके में हुए इस दर्दनाक हादसे में डूबने से चारों भाई-बहिनों की मौत हो गई। सभी मृतक इलाके में आयोजित मेले में शामिल होने के लिए बीती रात यहां पंहुचे थे और आज तडके यह हादसा हो गया। पुलिस ने चारों मृतकों के शवों का सरमथुरा के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम करा शवों को परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।

आंगई थाना प्रभारी कृपाल सिंह ने बताया कि धौलपुर के शहर कोतवाली थाना के नथुआपुरा मोरोली निवासी रवि उर्फ भोलू शनिवार रात को अपने परिवार के अन्य लोगों के साथ में आंगई थाना इलाके के बिरजा गांव के पास लगने वाले हीरामन बाबा के धाम पर आयोजित होने वाले मेले में शामिल होने आया था। रविवार सुबह करीब छह बजे रवि अन्य सदस्यों के साथ में पास के कुंड में नहाने गया था। तभी अचानक रवि उर्फ भोलू गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। रवि को डूबते देख कर उसकी दो सगी बहिनें मनोरमा एवं बोटो तथा एक चचेरी बहिन कल्लो भी उसे बचाने के लिए कुंड के पानी उतरीं। लेकिन तीनों बहिन भी रवि को बचाते हुए गहरे पानी में चलीं गईं और डूब गईं। हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पंहुचीं आंगई थाना पुलिस ने परिवार के अन्य सदस्यों तथा अन्य ग्रामीणों की मदद से सभी को कुंड से बाहर निकाला,लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

आंगई थाना प्रभारी कृपाल सिंह ने बताया कि कुंड में हादसे का शिकार बने मृतकों में रवि (21) पुत्र लायक सिंह,उसकी सगी बहन मनोरमा (22) एवं बोटो (25) पुत्री लायक सिंह और चचेरी बहन कल्लो (18) पुत्री भभूति निवासी नथुआपुरा मोरोली थाना कोतवाली जिला धौलपुर शामिल हैं। पुलिस एवं परिजनाें के मुताबिक मृतक रवि की बहिन मनोरमा और बोटो रक्षाबंधन मनाने अपने ससुराल से पीहर आई थीं। इसके बाद में शनिवार रात को दोंनों बहिनें भी पीहर पक्ष के लोगों के साथ हीरामन बाबा के धाम पर जात करने के लिए गई थीं। तभी यह हादसा हो गया। पुलिस ने चारों मृतकों के शवों का सरमथुरा के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम करा शवों को परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story