धौलपुर जिले में मतदाताओं में 1.8 प्रतिशत वृद्धि दर्ज
धौलपुर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण–2026 कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीनिधि बीटी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में धौलपुर जिले की अंतिम मतदाता सूची जारी की गई।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आज 21 फरवरी को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। अंतिम सूची के अनुसार जिले में कुल 8,84,784 मतदाता पंजीकृत हैं, जो पूर्व सूची की तुलना में लगभग 1.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। इनमें 4,78,077 पुरुष, 4,06,700 महिला एवं 7 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा 27 अक्टूबर 2025 को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम घोषित किया गया था। इसके तहत 4 नवंबर से 11 दिसंबर 2025 तक दावे एवं आपत्तियाँ प्राप्त की गईं तथा 16 दिसंबर 2025 को प्रारंभिक मतदाता सूची प्रकाशित की गई। इसके बाद में 16 दिसंबर 2025 से 19 जनवरी 2026 तक प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण किया गया। इस अवधि में फॉर्म-6 के 15,738 आवेदन (नाम जोड़ने हेतु), फॉर्म-7 के 1,631 आवेदन (नाम विलोपन हेतु) तथा फॉर्म-8 के 5,445 आवेदन (संशोधन हेतु) प्राप्त हुए। सभी आवेदनों की सुनवाई कर पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से निर्णय लिए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीनिधि बीटी ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता का आधार है। उन्होंने सभी राजनैतिक दलों से सूची का अवलोकन कर आवश्यक सुझाव देने तथा मतदाताओं को अपने नाम की जांच हेतु प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में किसी प्रविष्टि के संबंध में यदि कोई व्यक्ति निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के निर्णय से असंतुष्ट है, तो वह लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 24 तथा निर्वाचक पंजीकरण नियम, 1960 के नियम 23 एवं 27 के अंतर्गत अपील कर सकता है। प्रथम अपील अंतिम प्रकाशन की तिथि से 15 दिवस के भीतर संबंधित जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत की जा सकती है। यदि जिला मजिस्ट्रेट के निर्णय से भी संतोष नहीं हो, तो द्वितीय अपील मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान के समक्ष जिला मजिस्ट्रेट के निर्णय की तिथि से 30 दिवस के भीतर प्रस्तुत की जा सकती है।
बैठक में अंतिम मतदाता सूची की सॉफ्ट कॉपी (फोटो रहित) एवं हार्ड कॉपी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई। सूची ऑनलाइन भी उपलब्ध है, जहाँ मतदाता ऐपिक नंबर के माध्यम से अपनी प्रविष्टि देख सकते हैं। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी। इसके लिए नागरिक निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से ऑनलाइन अथवा संबंधित बीएलओ के जरिए आवेदन कर सकते हैं। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी हरिराम मीणा, विधायक राजाखेड़ा रोहित बोहरा,आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष मुनीन अहमद फारूकी, कांग्रेस पार्टी प्रतिनिधि साकेत बिहारी, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत, भाजपा जिला संयोजक बीएलए डॉ. मनोज शर्मा, बहुजन समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष किशन सिंह तथा ईआरओ (एसडीएम) धौलपुर कर्मवीर सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

