धौलपुर में उल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
धौलपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। धौलपुर जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। धौलपुर पुलिस लाइन में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने ध्वजारोहण किया। जिला कलक्टर ने परेड में शामिल राजस्थान पुलिस, राजस्थान सशस्त्र पुलिस, राजस्थान गृह रक्षा दल तथा एनसीसी एवं स्काउट की टुकड़ियों का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली।
समारोह में अपर जिलाधिकारी हरिराम मीणा ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया। समारोह में शहीदों के परिजनों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों का सम्मान किया गया। इस मौके पर स्कूली बच्चों ने शारीरिक व्यायाम तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनोहारी प्रस्तुति दी। समारोह में जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीनिधि बी टी ने मतदान संबंधी शपथ भी दिलाई। समारोह में जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद एएन सोमनाथ, भाजपा जिला अध्यक्ष राजवीर सिंह राजावत, भाजपा नेता डॉ. शिवचरण कुशवाह,सत्येन्द पाराशर एवं नीरजा शर्मा, पूर्व विधायक सुखराम कोली सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं अधिकारी उपस्थित रहे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सूचना एवं जन सम्पर्क कार्यालय में सहायक निदेशक सूचना एवं जनसम्पर्क राजकुमार मीणा द्वारा ध्वाजारोहण किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

