आमजन को त्वरित एवं संवेदनशील पुलिसिंग उपलब्ध कराएं : डॉ. चंद्रा

WhatsApp Channel Join Now
आमजन को त्वरित एवं संवेदनशील पुलिसिंग उपलब्ध कराएं : डॉ. चंद्रा


धौलपुर, 18 अगस्त (हि.स.)। भरतपुर पुलिस रेंज की महानिरीक्षक डॉ. प्रीति चंद्रा मंगलवार को एकदिवसीय धौलपुर दौरे पर पहुंचीं। अपने प्रवास के दौरान डॉ. चंद्रा ने क्राइम मीटिंग में कानून-व्यवस्था एवं विशेष अभियानों की समीक्षा की। कलेक्ट्रेट सभागार में महानिरीक्षक पुलिस डॉ. प्रीति चंद्रा की अध्यक्षता में जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ क्राइम मीटिंग में जिले की कानून-व्यवस्था की स्थिति, अपराधों की प्रवृत्ति एवं अपराध नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई।

उन्होंने अधिकारियों को अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी गश्त एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने, वांछित एवं सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर निरंतर निगरानी रखते हुए आमजन को त्वरित एवं संवेदनशील पुलिसिंग उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इसके साथ ही आगामी नगर निकायों एवं पंचायत चुनाव जिले में शांतिपूर्ण व निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराने के सम्बन्ध में प्रत्येक स्तर पर पूरी तैयारी करने के निर्देश भी दिए। इस मौके पर जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने धौलपुर जिले में अपराध नियंत्रण सहित अन्य मुददों पर विस्तार से जानकारी दी। क्राइम मीटिंग के पश्चात पुलिस लाइन स्थित सभागार में संपर्क सभा में महानिरीक्षक पुलिस डॉ. प्रीति चंद्रा ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं कार्य संबंधी कठिनाइयों की जानकारी ली।

पुलिस थाना सदर में सीएलजी जनसंपर्क सभा में महानिरीक्षक डॉ. प्रीति चन्द्रा ने कहा कि धौलपुर पुलिस, पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के नेतृत्व में बेहतर टीम वर्क के साथ अच्छा कार्य कर रही है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को इसी टीम भावना के साथ निरंतर बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक त्वरित अनुसंधान प्रकोष्ठ गिर्राज प्रसाद मीणा, वृताधिकारी वृत्त मनियां खलील अहमद, वृताधिकारी वृत्त सैंपऊ मनोहर मीणा, वृताधिकारी वृत्त बाड़ी महेंद्र कुमार, वृताधिकारी वृत्त सरमथुरा दुलीचंद, थानाधिकारी साइबर थाना ब्रजेश कुमार सहित जिले के सभी थानाधिकारीगण एवं अन्य पुलिस अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story