धौलपुर में श्रद्वा और उल्लास से मनाया हनुमान जन्मोत्सव

WhatsApp Channel Join Now
धौलपुर में श्रद्वा और उल्लास से मनाया हनुमान जन्मोत्सव


धौलपुर में श्रद्वा और उल्लास से मनाया हनुमान जन्मोत्सव


धौलपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। रामभक्त हनुमान जी का जन्मोत्सव धौलपुर जिले में गुरूवार को पूर्ण श्रद्वा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस मौके पर हनुमान मंदिरों में पूजा अर्चना के विशेष आयोजन हुए तथा फूल बंगला झांकी सजाई गई। हनुमान जन्मोत्सव पर्व पर सुबह से ही मंदिरों पर भक्तों के पंहुचने का क्रम शुरू हो गया था,जो देर रात तक जारी रहा।

हनुमान जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर शुरू अखण्ड रामायण पाठों की पूर्णहुति भी आज हुई। इसके बाद मंदिरों पर भण्डारे तथा प्रसाद वितरण का कार्यक्रम चला। हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर श्रद्वालुओं ने नेजे चढाकर भी मनौतियां मांगी। हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर प्राचीन मंशापूर्ण हनुमान मंदिर पर पुजारी आचार्य माता प्रसाद शर्मा तथा संतर रोड के प्राचीन मौटे हनुमान मंदिर पर पुजारी भगवान दास शमा ने हनुमान जी का विशेष अभिषेक तथा अन्य अनुष्ठान संपन्न कराए। मंदिर पर हुए भंडारे में भक्तों ने प्रसादी ग्रहण की। आज ही ऐतिहासिक पेचवाले हनुमान मंदिर,शेरगढ किला स्थित हनुमान मंदिर,पुरानी छावनी के रियासतकालीन हनुमान और श्रीराम मंदिर, संतर रोड के प्राचीन मौटे हनुमान मंदिर,वनखण्डी हनुमान मंदिर और सती वाले हनुमान मंदिर पर भी विशेष आयोजन हुए। हनुमान मंदिरों पर फूल बंगला तथा छप्पन भोग की झांकी भी सजाई गई।आज ही लाठखेडा वाले हनुमान मंदिर पर वार्षिक मेला भी आयोजित किया गया। उधर,हनुमान जन्मोत्सव के पर्व पर पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के माकूल इंतजाम किए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story