विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता, जर्जर विद्यालय पर तत्काल कार्रवाई
धौलपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में
शिक्षा विभाग की जिला निष्पादन समिति की बैठक शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में आधारभूत सुविधाओं, विद्यालयों के विकास कार्यों, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, डिजिटल शिक्षण, छात्र सुरक्षा तथा समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिक्षा विभाग की प्रत्येक योजना का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके। वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि जिले में संचालित सभी राजकीय विद्यालयों का तत्काल निरीक्षण कराया जाए तथा जिन विद्यालय भवनों की स्थिति जर्जर एवं असुरक्षित है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर नियमानुसार शीघ्र जमींदोज करने की कार्रवाई की जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में विद्यार्थियों की जान-माल से जुड़ा जोखिम स्वीकार्य नहीं होगा। जर्जर भवनों में संचालित कक्षाओं को तत्काल वैकल्पिक भवनों में स्थानांतरित कर शिक्षण कार्य निर्बाध रूप से जारी रखा जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
बैठक में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला परियोजना समन्वयक महेश कुमार मंगल ने बताया कि जिले के पीएम श्री विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न नवाचारों एवं गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है विद्यालयों में निर्धारित सभी गतिविधियों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं तथा शिक्षण गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक समग्र शिक्षा जितेन्द्र सिंह जादौन ने बताया कि जिन पीएम श्री एवं महात्मा गांधी राजकीय विद्यालयों में बाल वाटिका संचालित है, वहां स्थित आंगनबाड़ी केन्द्रों को अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किए जाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग से अनुरोध किया गया है, जिससे प्रारंभिक बाल शिक्षा के लिए पर्याप्त एवं व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जा सके। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक सुक्खो देवी,जिला शिक्षा अधिकारी रामेश्वर दयाल एवं धौलपुर के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी महेश शर्मा सहित समग्र शिक्षा के अधिकारी एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

