राष्ट्र के विकास में दिव्यांगजनों की भी महत्वपूर्ण भूमिका : डाॅ. गर्ग

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्र के विकास में दिव्यांगजनों की भी महत्वपूर्ण भूमिका : डाॅ. गर्ग


धौलपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा आयोजित किए जा रहे समाज कल्याण सप्ताह के तहत दिव्यांगजन कल्याण दिवस मनाया गया। मयूरी विशेष विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में दिव्यांगजनों के कल्याण पर मंथन हुआ तथा योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

आयोजन में राजस्थान लोक सेवा आयोग के पूर्व चेयरमैन तथा संस्था सचिव डॉ. आरएस गर्ग ने कहा कि समाज एवं राष्ट्र के विकास में दिव्यांगजनों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। आज प्रत्येक क्षेत्र में दिव्यांगजन अपनी भूमिका निभा रहे हैं। सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। लेकिन अभिभावकों तथा समाज के अन्य लोगों को भी दिव्यांगजनों के कल्याण के काम में समर्पित भाव से काम करना होगा।

जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग मोहम्मद अशफाक खान ने दिव्यांगजनों कल्याण के लिए संचालित की जा रहीं योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा योजनाओं का लाभ उठाने का आव्हान भी किया। ललिता शर्मा सांकेतिक भाषा अनुवादक ललिता शर्मा द्वारा श्रवण बाधित बच्चों को सरकारी योजनाओं से जुडने के संबंध में साईन लैंग्वेज में समझाया गया। आयोजन में डॉ. मुनेन्द्र गर्ग, डॉ. सौरभ जारेडा, डॉ. मनीषा सैनी एवं डॉ. सुषमा अग्रवाल सहित अन्य मौजूद रहे। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं की चम्मच दौड, कुर्सी दौड, रूमाल छपटा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story