विशेष योग्यजन 132 बच्चों को कृत्रिम अंग उपकरण वितरित
धौलपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद के तत्वावधान में समग्र शिक्षा धौलपुर द्वारा समावेशी शिक्षा के अन्तर्गत जिला स्तरीय अंग उपकरण वितरण कैम्प का आयोजन सोमवार को किया गया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पचगांव धौलपुर में आयोजित शिविर में विशेष योग्यजन 132 बच्चों को कृत्रिम अंग उपकरण वितरण किया गया।
इस मौके पर अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक समग्र शिक्षा जितेन्द्र सिंह जादौन ने कहा कि यह बच्चे अपने अन्दर एक विशेष खूबी लेकर इस दुनिया में आए हैं। इनके अन्दर की विशेषताओं को न दबाएं। बल्कि इनको आत्मविश्वास दिलाएं और समाज में एक अलग पहचान बनाने के लिए उनके अन्दर सकारात्मक ऊर्जा पैदा करें। अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक समग्र शिक्षा ने बच्चों को व्हील चेयर, ट्राई साईकल, टीएलएम किट आदि प्रदान किए जिन्हे पाकर बच्चों के चेहरों पर मुस्कान छा गई। कार्यक्रम अधिकारी प्रीति अवस्थी ने बताया कि शिविर में कक्षा 1 से 12 तक के 132 दिव्यांग बच्चों को उपकरण वितरित किए गए। राज्य सरकार द्वारा एल्मिकों के सहयोग से विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को दिये जा रहे उपकरणों से इनके जीवन में बड़ा बदलाव आएगा। कार्यक्रम का संचालन उप प्रधानाचार्य विनीता शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालय के व्याख्याता सहित छात्र-छात्रा व अभिभावक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

