वृक्ष हमारे पर्यावरण के आधार,पौधों की देखभाल आवश्यक : राजन
धौलपुर, 03 सितंबर (हि.स.)। हरियालो राजस्थान अभियान के अंतर्गत गुरूवार को जिला स्तरीय वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन धौलपुर डाइट परिसर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ धौलपुर जिले के प्रभारी सचिव धौलपुर राजन विशाल ने बरगद का पौधा लगाकर किया।
इस अवसर पर प्रभारी सचिव ने कहा कि वृक्ष हमारे पर्यावरण के आधार स्तंभ हैं। पेड़-पौधे न केवल वातावरण को शुद्ध रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बल्कि जल संरक्षण, मृदा संरक्षण एवं जैव विविधता के संरक्षण में भी इनका महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण सुनिश्चित करना आवश्यक है। कार्यक्रम में जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने कहा कि हरियालो राजस्थान अभियान का उद्देश्य प्रदेश को अधिक हरा-भरा बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को जन-अभियान का स्वरूप देना है। जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी बताया कि पूरे जिले में चल रहे वृक्षारोपण महाभियान के तहत एक ही दिन में लगभग 3 लाख से अधिक वृक्ष एक साथ लगाये गये हैं। उन्होंने बताया कि एक-एक पेड़ की जिओ टेगिंग मौके पर ही की गई है जिससे उसका फॉलो अप तथा संरक्षण किया जा सके। उन्होंने आमजन, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं विभिन्न संगठनों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा पौधों के संरक्षण में सहयोग करने का आह्वान भी किया। इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद श्रेष्ठा श्री, उप वन संरक्षक वी चेतन कुमार तथा डाइट प्राचार्य एवं एडीपीसी जितेन्द्र जादौन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

