मानसून : धौलपुर जिले के पार्वती एवं रामसागर बांध हुए लबालब

WhatsApp Channel Join Now
मानसून : धौलपुर जिले के पार्वती एवं रामसागर बांध हुए लबालब


धौलपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। धौलपुर जिले में मानसून के पूरी तरह से सक्रिय होने के कारण अच्छी बरसात हुई है। अच्छी बरसात के कारण बांधों में पानी की आवक हुई है तथा पार्वती एवं रामसागर बांध लबालब हो चुके हैं तथा उनमें अब नाममात्र की आवक होने के बाद कुल भराव क्षमता पूरी होगी तथा बांधों के गेट खोले जाएंगे। उधर, जिले में अब तक 478 मिलीमीटर बरसात हो चुकी है,जो कुल औसत बरसात का करीब 73 प्रतिशत है।

सिंचाई विभाग के नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के मुताबिक धौलपुर जिले के सबसे बडे बांधों में शुमार पार्वती बांध की कुल भराव क्षमता 223.41 मीटर है। शनिवार तक पार्वती बांध में पानी की आवक होने से जलस्तर 222.25 मीटर तक भर चुका है,जो कुल भराव क्षमता का 92 प्रतिशत है। पार्वती बांध अब सिर्फ 1.16 मीटर ही खाली रह गया है। इसी प्रकार रामसागर 7.65 तीटर में से 7.62 मीटर, उर्मिला सागर 8.69 में से 7.38 मीटर, तालाबशाही 3.35 में से 2.53 मीटर, उमरेह 2.90 में से 1.19 मीटर और हुसैनपुर 2.90 में से 1.49 मीटर तक पानी की आवक हो चुकी है। जिले में अब तक 508 एमएम बरसात दर्ज की गई है। शुक्रवार रात को बाड़ी में रामसागर बांध का जलस्तर 7.62 मीटर पहुंच गया,जो कुल जलभराव क्षमता से महज 0.03 मीटर दूर रह गया है। बांध की जलस्तर क्षमता के बेहद करीब पहुंचने के बाद प्रशासन ने ग्रामीणों और राहगीरों के लिए एडवाइजरी जारी की है, लोगों से जलभराव क्षेत्र से दूरी बनाए रखने और बच्चों, बुजुर्गों व पशुधन को भी दूर रखने की अपील की गई है।

जिला बाढ नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के मुताबिक धौलपुर जिले में अबतक कुल 478 मिलीमीटर बरसात हुई है। इसमें उर्मिला सागर क्षेत्र में सर्वाधिक 566 मिमी बरसात हुई है,जबकि सबसे कम बरसात तालाबशाही क्षेत्र में 424 मिमी दर्ज की गई है। जानकारी के मुताबिक बाडी में 457 मिमी,बसेडी में 483 मिमी,सैपउ में 486 मिमी,आंगई में 481 मिमी तथा राजाखेडा में 424 मिमी बरसात हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story