जन सुविधाओं के लिए धौलपुर नगर परिषद लाएगी एप : गर्ग

WhatsApp Channel Join Now
जन सुविधाओं के लिए धौलपुर नगर परिषद लाएगी एप : गर्ग


धौलपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। धौलपुर नगर परिषद शहर में मूलभूत सुविधाओं के विकास एवं सौंदर्यकरण के लिए कृत संकल्पित है। राज्य सरकार, धौलपुर जिला प्रशासन,साथी पार्षदों तथा जन सहयोग से धौलपुर को विकसित शहर बनाया जाएगा। जन सुविधाओं के विकास के लिए धौलपुर नगर परिषद जल्द ही एक ऐप भी लॉन्च करेगी।

धौलपुर नगर परिषद के सभापति गिरीश गर्ग ने शुक्रवार को नगर परिषद सभागार में मीडिया कर्मियों को नगर परिषद की प्रचलित योजना तथा नगर परिषद के नवीन बोर्ड द्वारा कराए जाने वाले आगामी कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सभापति गिरीश गर्ग ने बताया कि लोगों की परेशानी को देखते हुए धौलपुर नगर परिषद जल्दी ही एक एप लाएगी। जिसके माध्यम से नगर परिषद कार्यालय आए बिना ही लोगों को सरकार एवं परिषद की द्वारा दी जा रही सुविधाओं एवं योजनाओं का लाभ घर बैठे ही आवेदन करके मिल सकेगा। इसके साथ ही साफ-सफाई तथा रोशनी की समस्या से संबंधित शिकायत भी की जा सकेगी। सभापति ने कहा कि दीपावली के त्यौहार को देखते हुए शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था को फिर से शुरू किया गया है। नगर परिषद की ओर से ही दीपावली पर शहर के मुख्य बाजारों एवं विभिन्न सरकारी एवं ऐतिहासिक इमारतों पर रोशनी की जाएगी।

सभापति ने बताया कि धौलपुर नगर परिषद की कई भूमि एवं भूखंडों पर अतिक्रमण है। इस अतिक्रमण को अभियान चलाकर हटाया जाएगा तथा एक लैंड बैंक बनाया जाएगा। जिससे नगर परिषद की भूमि का सरकारी एवं जनोपयोगी कार्यों के लिए उपयोग किया जा सकेगा। इसके साथ ही विभिन्न कार्याें के लिए नियमानुसार भूमि का आवंटन भी किया जा सकेगा।

धौलपुर नगर परिषद आयुक्त विष्णु परमार ने बताया कि धौलपुर नगर परिषद द्वारा आयोजित किए जाने वाले वार्षिक शरद महोत्सव का आयोजन 25 अक्टूबर से होगा। शरद महोत्सव को भव्य एवं आकर्षक बनाने के लिए साथी पार्षदों, अधिकारियों एवं आम जन से सुझाव लिए जा रहे हैं। इस बार नगर परिषद स्वयं ही शरद महोत्सव का आयोजन करेगी। उन्होंने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए यातायात पुलिस के साथ समन्वय कर पार्किंग स्थल निश्चित किए जाएंगे। इसके साथ ही दीपावली के बाद शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी होगी।

धौलपुर नगर परिषद के राजस्व निरीक्षक रजत जैन ने बताया कि नगर परिषद द्वारा मैरिज होम, होटल तथा अन्य संस्थाओं पर बकाया यूडी टैक्स की वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है तथा यह अभियान यूडी टैक्स की वसूली तक लगातार जारी रहेगा। इस संबंध में धौलपुर नगर परिषद से संबंधित लोगों एवं प्रतिष्ठानों से अपील भी की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765563 Articles

Share this story