देश में महिला आरक्षण को तुरंत लागू करे केन्द्र सरकार
धौलपुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस ने महिला आरक्षण को तुरंत लागू करने की मांग की है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर महिला आरक्षण को तुरंत लागू करने की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं ने शनिवार को मीडिया से वार्ता की। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव साफिया जुबेर ने कहा कि संसद द्वारा सर्व सहमति से महिला आरक्षण बिल 2023 में पास हो चुका है। परंतु भारतीय जनता पार्टी की सरकार अब महिलाओं को गुमराह करने का काम कर रही है। उन्होंने देशभर में महिला आरक्षण विधेयक को मौजूद सीटों पर ही तुरंत लागू करने की मांग की।
करौली-धौलपुर सांसद भजनलाल जाटव ने कहा कि सांसद भजनलाल जाटव ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश की आधी आबादी को आज भी अपने हक के लिए इंतजार करना पड रहा है। महिला आरक्षण को तुरंत लागू किया जाना चाहिए। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष तथा राजाखेडा विधायक रोहित बोहरा ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक 2023 में पारित हो चुका है। लेकिन भाजपा सरकार इसे लागू नहीं करना चाहती। भारतीय जनता पार्टी की सरकार महिला विरोधी है तथा उसकी कथनी और करनी में अंतर है। आने वाले समय में आधी आबादी भाजपा को सबक सिखाएगी।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं बसेडी विधायक संजय कुमार जाटव ने कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण को तुरंत लागू करने के पक्ष में है। महिला आरक्षण को लागू करने की मांग को लेकर कांग्रेस जिले में विशेष जागरुकता अभियान चलाकर भाजपा की दोहरी नीति को उजागर करेगी। धौलपुर विधायक शोभारानी कुशवाहा ने कहा कि महिला आरक्षण के भीतर ओबीसी महिलाओं के लिए अलग से कोटा निर्धारित किया जाना चाहिए, ताकि समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। इस मौके पर कांग्रेस सेवादल की जिला अध्यक्ष समृद्वि दीक्षित एवं सरमथुरा पंचायत समिति की प्रधान दोपदी देवी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। संचालन कांग्रेस संगठन महासचिव धनेश जैन ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

