सर्वे एवं स्थानीय नेताओं के सुझावों से तय होंगे कांग्रेस प्रत्याशी
धौलपुर, 02 अगस्त (हि.स.)। जिला कांग्रेस कमेटी धौलपुर के तत्वावधान में आगामी पंचायती राज एवं नगरीय निकाय चुनाव 2026 की तैयारियों और चुनावी रणनीति को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में स्थानीय निकाय एवं पंचायत चुनाव में सर्वे एवं स्थानीय नेताओं के सुझावों से कांग्रेस प्रत्याशी तय करने पर चर्चा हुई। बैठक में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं जिला संगठन प्रभारी अजीत यादव ने कहा कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के नेतृत्व में ब्लॉक स्तर पर कमेटी का गठन किया जाएगा।
डीसीसी विधानसभा प्रभारी के साथ समन्वय स्थापित कर पैनल बनाने का काम करेंगे। इसके बाद जिला प्रभारी, विधानसभा प्रभारी, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक वरिष्ठ कांग्रेस जनों से चर्चा करेंगे। अंतिम चयन प्रत्याशियों का प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा किया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं बसेडी विधायक बसेड़ी संजय कुमार जाटव ने कहा कि स्थानीय निकाय एवं पंचायत के चुनाव में पार्टी के सक्रिय और मजबूत कार्यकर्ताओं को पार्टी टिकट देगी। टिकटों का निर्धारण ब्लाक स्तर पर गठित कमेटियां, जिला कांग्रेस के विधानसभा प्रभारी, वरिष्ठ कांग्रेस जनों के साथ मिलकर एवं सर्वे के आधार पर होगा। स्थानीय निकाय एवं पंचायत चुनाव में 50 प्रतिशत टिकट 50 वर्ष से कम उम्र के लोगों को दिए जाएंगे।
धौलपुर विधायक शोभारानी कुशवाहा ने कहा कि न्यायालय और जनता के दबाव में सरकार को स्थानीय निकाय, पंचायत के चुनाव कराने पड़ रहे हैं। राज्य सरकार हर मोर्चे पर विफल है। प्रदेश के हालात बद से बद्तर होते जा रहे हैं। आगामी चुनाव में प्रदेश की जनता इसका जवाब देगी। बैठक में जिला सह प्रभारी भूपेंद्र भारद्वाज,जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष साकेत बिहारी शर्मा, धौलपुर नगर परिषद के पूर्व सभापति कमल कंसाना, पूर्व प्रधान देवेन्द्र प्रताप सिंह जादौन,बाड़ी विधानसभा प्रभारी सद्दाम हुसैन, धौलपुर विधानसभा प्रभारी हुकम मीणा, राजाखेड़ा प्रभारी विनीत पाल एवं बसेडी प्रभारी प्रशान्त उपाध्यय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। संचालन जिला प्रवक्ता धनेश जैन ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

