कोहरा और सर्दी : सरसों और गेंहू की फसल में नुकसान की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
कोहरा और सर्दी : सरसों और गेंहू की फसल में नुकसान की आशंका


धौलपुर, 04 फ़रवरी (हि.स.)। जम्मू और कश्मीर समेत देश के उत्तरी इलाकों में हो रही बर्फवारी कर असर मैदानी इलाकों तक आ पंहुचा है। धौलपुर जिले में बर्फीली हवाओं ने लोग परेशान हैं। वहीं,रही सही कसर कोहरे ने पूरी कर दी है। बुधवार को हालात ऐसे रहे कि तेज सर्दी से बचने के लिए लोग घरों में ही दुबके रहे। उधर,सर्दी और कोहरे के चलते सरसों और गेंहू की फसल में नुकसान की आशंका भी बन रही है। जिसके चलते धरती पुत्र कहे जाने वाले किसान के माथे पर चिन्ता की लकीरें भी खिंरही हैं। बुधवार सुबह जब लोगों ने अपनी आंखें खोलीं,तो पूरा शहर कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। दोपहर बाद सूरज तो निकाला,लेकिन आसमान पर बादल छाए रहने से आज सूरज का तेज भी फीका रहा। धौलपुर में बुधवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जिले में लगातार पड रहे कोहरे और सर्दी का असर खेती पर भी दिखाई दे रहा है।

किसानों के अनुसार सरसों और गेहूं की फसल को नुकसान की आशंका बढ़ गई है। खेतों में नमी और पाले जैसी स्थिति बनने से गेंहू,सरसों तथा सब्जियों का उत्पादन प्रभावित हो सकता है। धौलपुर कृषि विभाग द्वारा मिली सूचना के मुताबिक रबी 2025-26 में फसल की अंतिम बुवाई के आंकड़ों पर गौर करें, तो धौलपुर जिले में गेहूं की बुवाई 60 हजार हेक्टेयर के लक्ष्य के मुकाबले में 68 हजार 896 हेक्टेयर में हुई है। इसी प्रकार चना एक हजार हेक्टेयर के मुकाबले में एक हजार 103 हेक्टेयर तथा सब्जियों के 3 हजार हेक्टेयर के मुकाबले में मात्र 2 हजार 520 हेक्टेयर में ही बुवाई हुई है। धौलपुर में तिलहन की प्रमुख फसल सरसों की बुवाई का लक्ष्य 80 हजार हेक्टेयर निर्धारित किया गया था। जिसके मुकाबले में मात्र 67 हजार 50 हेक्टेयर में ही बुवाई हो सकी है। ऐसे में अगर सर्दी और कोहरे से बिगड़ते मौसम का दौर जारी रहता है,तो धौलपुर जिले में सरसों तथा सब्जियों का उत्पादन प्रभावित हो सकता है।

सर्दी और कोहरे के फसल पर प्रभाव के संबंध में कृषि विभाग के सहायक निदेशक मुख्यालय प्रभु दयाल शर्मा ने बताया कि धौलपुर जिले में अभी तक मौसम के चलते फसल के खराबी की कोई खबर नहीं है। लेकिन लगातार एक सप्ताह तक सर्दी और कोहरे का मौसम रहता है,तो फसल के खराबी तथा उसमें रोग लगने की संभावना बन सकती है। उन्होंने बताया कि इस मौसम में सबसे ज्यादा नुकसान की संभावना आलू,सरसों तथा अन्य सब्जियों में बन रही है। उधर,मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे से राहत मिलने की संभावना कम जताई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story