संयुक्त निरीक्षण दल ने किया लग्जरी एवं स्लीपर बसों का औचक निरीक्षण
धौलपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। राज्यव्यापी विशेष निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान के अंतर्गत सचिव रेखा यादव एवं संयुक्त निरीक्षण दल द्वारा मंगलवार रात को आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे स्थित सागरपाड़ा चौकी पर लग्जरी एवं स्लीपर बसों का निरीक्षण किया गया। संयुक्त निरीक्षण दल द्वारा निरीक्षण के दौरान स्लीपर, लग्जरी बसों में यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। इसके साथ ही बसों के परमिट, फिटनेस प्रमाण-पत्र, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, वाहन के आवश्यक दस्तावेज एवं अन्य वैधानिक कागजात की जांच की गई।
बसों में यात्रियों की सुरक्षा की दृष्टि से उपलब्ध अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास, प्राथमिक उपचार किट, इमरजेंसी व्यवस्था, स्लीपर सीट, बर्थ की स्थिति तथा प्रकाश एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान 15 बसों की गहनता से जांच की गई तथा गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 13 बसों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के अंतर्गत चालान की कार्यवाही की गई। इस दौरान निर्धारित चालान राशि एक लाख 76 हजार 400 का जुर्माना लगाया गया। इसके साथ ही 2 बसें मौके पर ही सीज की गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एडीजे रेखा यादव द्वारा मौके पर ही संबंधित बस संचालकों एवं कर्मचारियों को कमियों को दूर करने तथा यात्रियों की सुरक्षा से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही जिला परिवहन अधिकारी को जिन बसो में गंभीर अनियमितताएं अथवा सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाए उनके विरुद्ध मोटरयान अधिनियम, के तहत चालान करवाने के लिए निर्देशित किया गया। निरीक्षण कार्यवाही में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बबीता वर्मा एवं जिला परिवहन अधिकारी गौरव यादव सहित अन्य उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

