अपने गलत बयान के लिए माफी मांगें सांसद भजनलाल जाटव – नीरजा

WhatsApp Channel Join Now
अपने गलत बयान के लिए माफी मांगें सांसद भजनलाल जाटव – नीरजा


धौलपुर, 08 जून (हि.स.)। करौली-धौलपुर सांसद भजनलाल जाटव द्वारा हाल ही में ब्राह्मण समाज एवं अग्रवाल समाज को लेकर दिए गए कथित अमर्यादित बयान के बाद जिले भर में राजनीतिक और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। विभिन्न संगठनों और जनप्रतिनिधियों की ओर से लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। सांसद के बयान पर विप्र एवं अग्रवाल समाज में भी रोष दिखाई पड रहा है। इसी क्रम में राजाखेडा से प्रत्याशी रहीं धौलपुर की भाजपा नेत्री नीरजा अशोक शर्मा ने सांसद के बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे न केवल संबंधित समाजों बल्कि पूरे हिंदू समाज का अपमान बताया है।

नीरजा शर्मा ने कहा कि सांसद भजनलाल जाटव ने अपने पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने का कार्य किया है। देश की सबसे बड़ी पंचायत संसद में क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले जनप्रतिनिधि से इस प्रकार की भाषा और मानसिकता की अपेक्षा नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि सांसद का बयान उनकी वास्तविक सोच और मानसिकता को उजागर करता है, जो समाज को जोड़ने के बजाय जातियों में बांटने का प्रयास करती है। उन्होंने मांग की कि सांसद भजनलाल जाटव खुले मंच से ब्राह्मण समाज, अग्रवाल समाज एवं समस्त हिंदू समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पार्टी से भी इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की। उधर,इस संबंध में धौलपुर जिला अग्रवाल महासमिति ने भी करौली-धौलपुर सांसद भजनलाल जाटव से इस्तीफे की माँग की है। महासमिति के महामंत्री महेश चंद मंगल ने बताया कि इस प्रकरण में जिला कलेक्टर धौलपुर के माध्यम से धौलपुर जिला अग्रवाल महासमिति द्वारा प्रदेशाध्यक्ष राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के लिये एक ज्ञापन दिया गया है। जिसमें सांसद महोदय से वैश्य समाज से माफ़ी मांगने के साथ अपने पद से इस्तीफा देने की माँग की है। इससे पूर्व रविवार को विप्र समाज की ओर से धौलपुर में करौली-धौलपुर सांसद के विरुद्व प्रदर्शन कर उनका पुतला दहन किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story