पुलिस थाना स्तर पर हो गंभीरता से सुनवाई : आईजी

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस थाना स्तर पर हो गंभीरता से सुनवाई : आईजी


धौलपुर, 30 मार्च (हि.स.)। महानिरीक्षक पुलिस भरतपुर रेंज भरतपुर कैलाश चंद्र विश्नोई सोमवार को धौलपुर के दौरे पर रहे। इस दौरान आईजी ने पुलिस थाना कंचनपुर एवं वृताधिकारी वृत्त ग्रामीण धौलपुर (सैंपऊ) कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस व्यवस्था, साफ-सफाई, रिकॉर्ड रखरखाव, मालखाना, हवालात, मैस आदि व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

आईजी ने कहा कि पुलिस थाना में आने वाले फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए तथा उसका समय से निस्तारण किया जाए। इसके अलावा पुलिस थाने में आने वाले किसी भी फरियादी को कोई भी परेशानी ना हो इसका ध्यान रखा जाए। साथ ही उन्होंने पुलिस थाने में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस जवानों को आमजन से आपसी समन्वय स्थापित करने सहित आदि को लेकर दिशा निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सीसीटीएनएस पोर्टल पर लंबित मामलों, शिकायतों और उनकी स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों और मामलों का त्वरित निस्तारण किया जाए और पोर्टल पर अद्यतन जानकारी अपलोड की जाए ताकि पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने कहा कि बीट प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखें। अपराधियों में भय व आमजन में विश्वास की तर्ज पर काम करें। ताकि अपराधों पर अंकुश लग सके। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों के बारे में भी जानकारी ली। इससे पहले उन्होंने पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान से जिले की कानून व्यवस्था सहित अन्य मुददों पर विस्तार से जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, वृताधिकारी वृत्त ग्रामीण धौलपुर (सैंपऊ) अनूप सिंह एवं थानाधिकारी थाना कंचनपुर रामकिशन यादव सहित पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story