कार और ट्रक की भिड़ंत, पिता-पुत्र समेत तीन की मौत

WhatsApp Channel Join Now
कार और ट्रक की भिड़ंत, पिता-पुत्र समेत तीन की मौत


धौलपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। पूर्वी राजस्थान के धौलपुर जिले में कार और ट्रक की आमने-सामने की भिड़ंत में पिता-पुत्र समेत तीन व्यक्तियों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा मंगलवार शाम को करीब 5 बजे धौलपुर-भरतपुर हाईवे पर सदर थाना इलाके के भागीरथपुरा गांव के पास हुआ। हादसे में मारे गए तीनों व्यक्ति एक ही परिवार के सदस्य हैं तथा जयपुर के पदमपुरा स्थित जैन मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। मौके पर पुलिस ने मृतकों के शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।

पुलिस के मुताबिक धौलपुर के शास्त्री नगर निवासी सरिया व्यवसायी राजकुमार जैन हर महीने जयपुर के पदमपुर में श्रीजी का अभिषेक करने जाते थे। मंगलवार सुबह राजकुमार जैन अपने भतीजे विजय जैन और विजय के बेटे आदी के साथ पदमपुरा गए थे। जयपुर से वापस लौटते समय राजकुमार जैन तथा उनके परिजन हादसे का शिकार हो गए। थाना सदर धौलपुर में हुए इस भीषण सडक हादसे में एक ट्रक नंबर आरजे 11 जीए 9330 और एक कार नंबर आरजे 14 सीएन 2181 की आमने-सामने की भिडंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार सामने से ट्रक में घुस गई,जिसे पुलिस ने बाहर निकलवाया। इस हादसे में कार सवार राजकुमार पुत्र ज्योति प्रसाद जैन उम्र करीब 50 साल निवासी मनियां हाल निवासी शास्त्री नगर सेक्टर नंबर 2 थाना निहालगंज धौलपुर तथा विजय पुत्र कैलाश चंद्र जैन उम्र करीब 45 साल तथा आदी पुत्र विजय जैन उम्र करीब 15 साल निवासी लीला बिहार कॉलोनी थाना निहालगंज गंभीर घायल हो गए। हादसे की सूचना पर मौके पर पंहुची पुलिस ने सभी को जिला चिकित्सालय पंहुचाया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में मारे गए तीनों मृतकों के शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है,जहां उनका पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

Share this story