सांसद रोत ने तीरंदाज दिव्यांशी को सीएसआर फंड से भेंट किया 4.95 लाख का अत्याधुनिक रिकर्व धनुष सेट

WhatsApp Channel Join Now
सांसद रोत ने तीरंदाज दिव्यांशी को सीएसआर फंड से भेंट किया 4.95 लाख का अत्याधुनिक रिकर्व धनुष सेट


डूंगरपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। बांसवाड़ा-डूंगरपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजकुमार रोत ने डूंगरपुर की उभरती हुई और प्रतिभावान तीरंदाज दिव्यांशी भराड़ा को उनके खेल करियर को नई उड़ान देने के लिए एक महत्वपूर्ण सहायता प्रदान की है। सांसद ने अपने निवास स्थान पर आयोजित एक कार्यक्रम में दिव्यांशी को कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉसिबिलिटी (सीएसआर) फंड के सहयोग से 4,95,000 रुपये की लागत का अत्याधुनिक रिकर्व धनुष सेट भेंट किया। इस उच्च-स्तरीय खेल उपकरण के मिलने से अब दिव्यांशी की प्रतिभा को आर्थिक सीमाओं की कोई बाधा नहीं रोक सकेगी, जिससे वह राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक आत्मविश्वास के साथ कड़ा अभ्यास कर सकेंगी।

चंदूलाल भराड़ा की पुत्री दिव्यांशी ने बेहद कम उम्र में अपनी खेल प्रतिभा और दृढ़ संकल्प के बल पर तीरंदाजी जगत में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने वर्ष 2023 में बीकानेर में आयोजित 67वीं राजस्थान राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में अपनी खेल कला का शानदार प्रदर्शन करते हुए सहभागिता निभाई। वर्ष 2024 में डूंगरपुर में आयोजित 67वीं जिला स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट खेल दिखाते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। वर्ष 2025 में सिरोही में आयोजित 69वीं राजस्थान राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में शानदार निशाना साधते हुए रजत पदक हासिल किया। वहीं, वर्ष 2025 में डूंगरपुर में आयोजित 69वीं जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भी उन्होंने अपनी निरंतरता कायम रखते हुए एक और रजत पदक पर कब्जा जमाया।

खेल के प्रति समर्पण और अदम्य इच्छाशक्ति यदि सही मार्गदर्शन और संसाधनों का साथ पा ले, तो सफलता की इबारत लिखना तय माना जाता है। प्रतिदिन घंटों पसीना बहाने वाली दिव्यांशी की लगन और अनुशासन आज अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन चुका है। ग्रामीण और आकांक्षी अंचलों से आने वाली इन खेल प्रतिभाओं के लिए महंगे खेल उपकरण खरीदना अक्सर एक बड़ी चुनौती साबित होता है। सांसद राजकुमार रोत द्वारा सीएसआर फंड के माध्यम से उपलब्ध कराया गया यह अत्याधुनिक रिकर्व धनुष सेट दिव्यांशी के लिए एक बड़ा संबल साबित होगा।

उपकरण भेंट करने के दौरान सांसद राजकुमार रोत ने खिलाड़ी दिव्यांशी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे इसी लगन के साथ मेहनत करती रहें और क्षेत्र तथा देश का नाम रोशन करें। साथ ही, उन्होंने दिव्यांशी के परिवार की हौंसला अफजाई करते हुए उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

Share this story