थल सेना अध्यक्ष जनरल धीरज सेठ से मिले डीजीपी राजीव कुमार शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
थल सेना अध्यक्ष जनरल धीरज सेठ से मिले डीजीपी राजीव कुमार शर्मा


जयपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। भारतीय थल सेना अध्यक्ष जनरल धीरज सेठ ने गुरुवार को जयपुर प्रवास के दौरान महानिदेशक पुलिस राजस्थान राजीव कुमार शर्मा से उनके निवास पर मुलाकात की। डीजीपी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर सेना अध्यक्ष का स्वागत किया और राजस्थान पुलिस की विभिन्न इकाइयों के प्रतीक चिह्नों से युक्त स्मृति चिह्न भेंट किया। जनरल सेठ ने भी डीजीपी को सैन्य स्मृति चिह्न भेंट किया।

दोनों अधिकारियों के बीच राजस्थान की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा, आंतरिक सुरक्षा, खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान और संवेदनशील परिस्थितियों में सेना एवं पुलिस के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।सुरक्षा चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आपसी संवाद, संयुक्त क्षेत्रीय निगरानी तंत्र और खुफिया सूचनाओं के नियमित आदान-प्रदान को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। प्राकृतिक आपदा की स्थिति में राज्य आपदा प्रतिसाद बल के साथ सेना के सहयोग पर भी चर्चा हुई।हाल ही में आयोजित सेना भर्ती के निर्बाध संचालन में राजस्थान पुलिस के सहयोग को भी सैन्य एवं नागरिक प्रशासन के बेहतर समन्वय का उदाहरण बताया गया। दोनों अधिकारियों ने प्रशिक्षण और क्षमता संवर्द्धन के क्षेत्र में भविष्य में बेहतर तालमेल कायम करने पर सहमति जताई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story