देवउठनी एकादशी पर मंदिरों में गूंजा शंखनाद: आज शहरभर में होंगे तुलसी-शालिग्राम विवाह

WhatsApp Channel Join Now
देवउठनी एकादशी पर मंदिरों में गूंजा शंखनाद: आज शहरभर में होंगे तुलसी-शालिग्राम विवाह


देवउठनी एकादशी पर मंदिरों में गूंजा शंखनाद: आज शहरभर में होंगे तुलसी-शालिग्राम विवाह


जयपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। चार महीने के चातुर्मास विश्राम के बाद देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने के साथ ही शहर में मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो गई। इस अवसर पर राजधानी के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक और धार्मिक अनुष्ठान हुए। मंदिरों में शंखनाद और घरों में मंगल गीत गूंजे। वहीं शनिवार को शहरभर में तुलसी-शालिग्राम विवाह के आयोजन होंगे। कहीं गन्ने का मंडप सजाकर सात फेरे होंगे तो कहीं तुलसी माता को बेटी मानकर महिलाएं कन्यादान की भावुक रस्म निभाएंगी।

जयपुर के आराध्य श्री गोविंद देवजी मंदिर में देवउठनी एकादशी पर विशेष अनुष्ठान आयोजित किए गए। ठाकुर श्रीजी का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंचामृत अभिषेक किया गया। इसके बाद भगवान शालिग्राम (नारायण जी) को चांदी की चौकी पर विराजमान कर मंदिर के दक्षिण-पश्चिम कोने में स्थित तुलसी मंच पर लाया गया। यहां शालिग्राम जी का पंचामृत अभिषेक और पूजन किया गया। इसके बाद शालिग्राम जी और तुलसी महारानी की आरती कर भोग अर्पित किया गया तथा चार परिक्रमा की गई। शालिग्राम जी को चांदी के रथ में विराजमान कर मंदिर की परिक्रमा करवाई गई और फिर गर्भगृह में ठाकुर श्रीजी के समीप विराजमान किया गया। इस अवसर पर ठाकुर श्रीजी को लाल रंग की लप्पा जामा पोशाक, विशेष पुष्प, एकादशी के अलंकार, बड़ा मुकुट और छड़ी धारण कराई गई। साथ ही विशेष सागरी लड्डू का भोग लगाया गया।

देवउठनी एकादशी के अगले दिन शनिवार को घरों और मंदिरों में तुलसी माता और भगवान शालिग्राम के विवाह की धूम रहेगी। महिलाएं तुलसी के गमलों को चुनरी, फूलों और दीपों से सजाकर गन्ने का विवाह मंडप तैयार करेंगी। विवाह में हल्दी, मेहंदी, मंगल गीत, वरमाला, कन्यादान और सात फेरों जैसी पारंपरिक रस्में निभाई जाएंगी। कई महिला समूह इस आयोजन को सामाजिक और भावनात्मक स्वरूप भी दे रहे हैं। जिन परिवारों में बेटी नहीं है, वे तुलसी माता को बेटी मानकर कन्यादान की रस्म निभाएंगे। वैशाली नगर निवासी सृष्टि शर्मा ने बताया कि तुलसी विवाह में कन्यादान महिलाओं के लिए सबसे भावुक क्षण होगा। इस दौरान तुलसी माता को वस्त्र, चुनरी और शृंगार सामग्री अर्पित की जाएगी।

खजाने वालों का रास्ता स्थित पांडे भवन से भगवान शालिग्राम जी की बारात निकाली जाएगी। रथ में वृन्दा रानी यानी तुलसी महारानी और भगवान शालिग्राम जी की आकर्षक झांकी सजाई जाएगी। रामकिशन सैनी ने बताया कि बारात माधो बिहारी जी का आहता, संसार चंद्र रोड स्थित विवाह स्थल पहुंचेगी। यहां गोधूलि बेला में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ तुलसी-शालिग्राम विवाह संपन्न कराया जाएगा।

तुलसी-शालिग्राम विवाह के अवसर पर बजाज नगर राम मंदिर, राधादामोदरजी और गोपीनाथजी मंदिर सहित शहर के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर विशेष आयोजन होंगे। राधादामोदरजी मंदिर में छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा और तुलसी माता को चुनरी ओढ़ाई जाएगी। इसके अलावा मालवीय नगर, टोंक रोड और जगतपुरा सहित विभिन्न इलाकों के मंदिरों में भी विवाह समारोह आयोजित होंगे। घरों में महिलाएं तुलसी माता के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर आरती करेंगी और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780769 Articles

Share this story