जन्माष्टमी की धूम: ठाकुरजी की पोशाक व श्रृंगार सामग्री खरीदने उमड़े श्रद्धालु

WhatsApp Channel Join Now
जन्माष्टमी की धूम: ठाकुरजी की पोशाक व श्रृंगार सामग्री खरीदने उमड़े श्रद्धालु


जन्माष्टमी की धूम: ठाकुरजी की पोशाक व श्रृंगार सामग्री खरीदने उमड़े श्रद्धालु


जन्माष्टमी की धूम: ठाकुरजी की पोशाक व श्रृंगार सामग्री खरीदने उमड़े श्रद्धालु


जन्माष्टमी की धूम: ठाकुरजी की पोशाक व श्रृंगार सामग्री खरीदने उमड़े श्रद्धालु


जयपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर गुलाबी नगरी के बाजारों में जबरदस्त उत्साह और रोनक देखने को मिल रही है। घर-घर में विराजे लड्डू गोपाल (ठाकुरजी) के जन्मोत्सव की तैयारियों को लेकर शहर के मुख्य बाजारों में खासी भीड़ उमड़ रही है। विशेषकर महिला श्रद्धालुओं में ठाकुरजी के शृंगार और नई पोशाकों की खरीदारी को लेकर भारी उत्साह नजर आ रहा है।

शहर के मुख्य व्यापारिक क्षेत्रों—परकोटे के छोटी चौपड़, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, पुरोहित जी का कटला, त्रिपोलिया बाजार और राजापार्क सहित विभिन्न इलाकों में सुबह से ही ग्राहकों की चहल-पहल शुरू हो जाती है। शाम होते-होते बाजारों में 'जय श्री कृष्णा' के जयकारों के साथ खरीदारी का जोर पकड़ लेता है, जिससे बाजारों में अच्छी-खासी भीड़ भड़का देखने को मिल रहा है।

जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में दुकानदारों ने भी लड्डू गोपाल के लिए एक से बढ़कर एक फैंसी और कलात्मक सामान सजाया है। महिलाएं ठाकुरजी के लिए रेशमी, जरी-गोटेदार, मोती वर्क और कसीदाकारी वाली विशेष पोशाकें खरीद रही हैं। पोशाक के साथ-साथ ठाकुरजी के शृंगार के लिए मुकुट, मोरपंख, बांसुरी, कुंडल, माला, बाजूबंद और पायजेब की जमकर बिक्री हो रही है।

जन्माष्टमी पर नंदलाल को झुलाने के लिए बाजार में लकड़ी, पीतल, स्टील और मखमली कपड़ों से सजे आकर्षक झूले उपलब्ध हैं। इसके साथ ही घरों में सजने वाली झांकियों के लिए माखन मटकी, गाय-बछड़े की मूर्तियां, लाइटों की सजावट और रंग-बिरंगे बैकड्रॉप की भी महिलाओं द्वारा खूब खरीदारी की जा रही है।

त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ ही बाजारों में आई इस रौनक़ से व्यापारियों के चेहरे खिल उठे हैं। दुकानदारों का कहना है कि पिछले दिनों की तुलना में अब ग्राहकों, खासकर महिलाओं की आवाजाही कई गुना बढ़ गई है। श्रद्धालु अपने लाडले कान्हा के जन्मोत्सव में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहते, जिसके चलते बाजारों में देर रात तक खरीदारी का दौर जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

Share this story