कृषि उपज मंडियों में 21.26 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी
जयपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। राज्य सरकार ने प्रदेश की कृषि उपज मंडियों के सुदृढ़ीकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 21 करोड़ 26 लाख रुपए से अधिक के विकास कार्यों को मंजूरी दी है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा दी गई इस स्वीकृति के तहत विभिन्न मंडियों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
स्वीकृत कार्यों के अंतर्गत चौमहला, कुचामन सिटी, बारां (विशिष्ट श्रेणी), कोटा (अनाज मंडी) तथा प्रतापगढ़ की कृषि उपज मंडी समितियों में मण्डी यार्ड निर्माण और विद्युत से जुड़े कार्य कराए जाएंगे।
सरकार का मानना है कि इन विकास कार्यों से मंडियों का आधारभूत ढांचा मजबूत होगा, जिससे किसानों और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही कृषि उपज के भंडारण, आवागमन और विपणन व्यवस्था में भी सुधार होगा।
राज्य सरकार द्वारा लगातार किए जा रहे ऐसे प्रयासों को कृषि क्षेत्र में बुनियादी सुधार और अन्नदाताओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

