बीकानेर में ‘विकसित भारत युवा संसद-2026’ का आयोजन
बीकानेर, 26 फरवरी (हि.स.)। माई युवा भारत एवं राजकीय डूंगर महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को प्रताप सभागार में ‘विकसित भारत युवा संसद-2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 24 विद्यार्थियों ने ‘आपातकाल के 50 वर्ष : भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में ऐश्वर्या अरोड़ा, कनिष्का शेखावत, प्रियंका, दीपशिखा शेखावत और गजराज कंवर ने क्रमशः पहले पांच स्थान प्राप्त किए।
दो सत्रों में आयोजित कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केन्द्र के निदेशक अनिल पूनिया ने मुख्य अतिथि के रूप में कहा कि स्कूल और कॉलेज स्तर पर ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के लिए आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति समझ विकसित करने की दृष्टि से यह कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण है।
अध्यक्षता करते हुए रोटरी क्लब के पूर्व प्रांतपाल राजेश चूरा ने कहा कि विश्व के सशक्त लोकतांत्रिक देश का नागरिक होना गर्व का विषय है। आने वाले समय में यही युवा लोकतंत्र के विभिन्न स्तंभों का नेतृत्व करेंगे।
जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक हरि शंकर आचार्य ने राज्य सरकार द्वारा युवा कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र पुरोहित ने कहा कि विकसित भारत युवा संसद युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने का प्रभावी मंच है, जिससे उनमें नेतृत्व क्षमता, तार्किक अभिव्यक्ति, संवैधानिक मूल्यों की समझ और राष्ट्रीय मुद्दों पर गंभीर चिंतन विकसित होता है।
माई युवा भारत की जिला कार्यक्रम प्रभारी रुबी पाल ने बताया कि जिले से पांच विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए किया जाएगा। दूसरे सत्र में प्रतिभागियों ने अपने विचार रखे। इस दौरान निर्णायक मंडल में डॉ. इंद्र सिंह राजपुरोहित, डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली, डॉ. महिपाल सिंह, डॉ. बबीता जैन और हरि शंकर आचार्य शामिल रहे।
कार्यक्रम में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला समन्वयक डॉ. घनश्याम बीठू ने स्वागत भाषण दिया। डॉ. पूजा कस्वां ने आभार व्यक्त किया तथा संचालन डॉ. रामनिवास बिश्नोई ने किया। समारोह में महाविद्यालय के स्टाफ सदस्य, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

