अभिजित मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उप महापौर दिनेश भट्ट ने ग्रहण किया पदभार

WhatsApp Channel Join Now
अभिजित मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उप महापौर दिनेश भट्ट ने ग्रहण किया पदभार


उदयपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। नगर निगम के नवनिर्वाचित उप महापौर दिनेश भट्ट ने गुरुवार को अभिजित मुहूर्त में विधिवत रूप से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार ग्रहण समारोह में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के पंजाब व जम्मू-कश्मीर प्रभारी सतीश पूनिया, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अलका मूंदड़ा, महापौर पारस सिंघवी और शहर जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। पदभार संभालते ही उप महापौर ने कहा कि महापौर पारस सिंघवी के नेतृत्व में नगर निगम की पूरी टीम एकजुट होकर उदयपुर के सर्वांगीण विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।

पदभार संभालने के बाद उप महापौर दिनेश भट्ट ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि नगर निगम का दायित्व केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि शहरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं देना, प्रभावी सफाई व्यवस्था, सुचारू यातायात-पार्किंग और उदयपुर की ऐतिहासिक-सांस्कृतिक विरासत को सहेजना भी प्रमुख लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि उदयपुर अपनी झीलों, पर्यटन और सांस्कृतिक धरोहर के लिए दुनिया भर में मशहूर है, इसलिए आधुनिक विकास के साथ शहर की मूल पहचान को अक्षुण्ण रखा जाएगा। उन्होंने जनता की सहभागिता और सभी पार्षदों के समन्वय से वार्ड स्तर की समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।

समारोह में उपस्थित राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया और महापौर पारस सिंघवी ने उप महापौर दिनेश भट्ट को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई व शुभकामनाएं दीं। पूनिया ने जनप्रतिनिधियों से जनसंवाद बनाए रखते हुए सेवाभाव से कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर पूर्व महापौर रजनी डांगी, चंद्रसिंह कोठारी, पूर्व जिलाध्यक्ष मांगीलाल जोशी, पूर्व सभापति युधिष्ठिर कुमावत, निगम के सभी पार्षदों तथा भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उप महापौर का अभिनंदन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता

Share this story